जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन, हजारों आवेदकों और बैंकों-वेंडर्स की मौजूदगी में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने का आह्वान

छपरा, 13 फरवरी: नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) के तत्वावधान में विद्युत आपूर्ति अंचल, छपरा द्वारा “पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” के तहत एक दिवसीय सोलर मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर के प्रसिद्ध श्री भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में हुआ, जहां सौर ऊर्जा को लेकर लोगों में उत्साह और जागरूकता साफ दिखाई दी।

इस मेले में सोलर रूफटॉप लगवाने के इच्छुक उपभोक्ताओं, विभिन्न सोलर एजेंसियों, बैंक प्रतिनिधियों और ऊर्जा विभाग के अधिकारियों का एक साथ समागम हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी और ऋण सुविधाओं की जानकारी देना था।

सरकार दे रही आकर्षक सब्सिडी

“पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” के अंतर्गत बिहार सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप लगाने पर आकर्षक सब्सिडी प्रदान कर रही है।

  •  1 किलोवाट क्षमता पर ₹30,000
  • 2 किलोवाट क्षमता पर ₹60,000
  • 3 किलोवाट क्षमता पर ₹78,000

सारण जिले में अब तक लगभग 2700 आवेदकों ने इस योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन किया है, जो इस योजना की लोकप्रियता को दर्शाता है।

जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह योजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ उपभोक्ताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सोलर रूफटॉप के माध्यम से उपभोक्ता अपने बिजली बिल को काफी हद तक कम या शून्य कर सकते हैं।

उन्होंने उपस्थित लोगों से इस योजना का अधिकाधिक लाभ लेने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर ऐसे उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया, जिन्होंने इस योजना का लाभ लेकर अपना बिजली बिल शून्य करने में सफलता पाई है।

बैंकों से सहयोग का आह्वान

जिलाधिकारी ने विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों से लाभार्थियों को उदारतापूर्वक ऋण उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि आर्थिक बाधा किसी भी उपभोक्ता के लिए सौर ऊर्जा अपनाने में रुकावट न बने। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया।

मेले में विभिन्न वेंडर्स एवं बैंकों द्वारा लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। जिलाधिकारी ने स्टॉलों का अवलोकन कर सोलर पैनल की तकनीक, गुणवत्ता और लागत से संबंधित जानकारी ली।

ऊर्जा विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी मुखिया एवं पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ग्रामीण स्तर पर इस योजना के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन को तेज किया जाए, ताकि अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा से जुड़ सकें।

कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता, आरईसी के ऑफिसर इन चार्ज, विद्युत आपूर्ति पूर्वी एवं पश्चिमी के कार्यपालक अभियंता, जिला अग्रणी प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, सोलर वेंडर्स, आवेदक एवं लाभार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *