छपरा, 12 फरवरी 2026। सारण जिले में चल रही महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना के बाकरपुर-मानिकपुर खंड की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने गुरुवार को स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गति, भू-अर्जन की स्थिति एवं मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने बताया कि भवन प्रमंडल को जुलाई 2025 में परियोजना के मार्ग रेखन (एलाइनमेंट) में आ रही 30 संरचनाओं का मूल्यांकन करने का निर्देश दिया गया था। किंतु अब तक मूल्यांकन प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि एक सप्ताह के भीतर हर हाल में मूल्यांकन प्रतिवेदन समर्पित किया जाए, ताकि परियोजना में अनावश्यक विलंब न हो।

भू-अर्जन और मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश

गोविन्दचक मौजा में शेष 204 हितबद्ध रैयतों के भू-अर्जन से संबंधित मुआवजा भुगतान को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष कैंप लगाकर प्लॉटवार मापी कराने तथा ऑफलाइन एलपीसी निर्गत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कल से लगातार कैंप कर प्रक्रिया को पूर्ण किया जाए।

डीएम ने एनएचएआई के अमीन, भू-अर्जन अमीन तथा अंचल अमीन को संयुक्त रूप से डोर-टू-डोर जाकर रैयतों को नोटिस तामिला कराने और आवश्यक कागजात एवं अभिश्रव प्राप्त करने का स्पष्ट निर्देश दिया। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्वरित ढंग से पूर्ण कर यथाशीघ्र मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

गोविन्दचक में निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनएचएआई को गोविन्दचक क्षेत्र में अविलंब निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। वहीं दरियापुर अंचल में भी शेष रैयतों के भुगतान को लेकर अंचलाधिकारी को मापी, नोटिस तामिला और अभिश्रव संग्रह की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।

दीघा सेतु संपर्क पथ पर बनेगा डायवर्शन प्लान

परियोजना के अंतर्गत दीघा सेतु पुल संपर्क पथ के तीन पिलरों के समीप स्थित संरचनाओं को हटाकर संपर्क मार्ग तैयार किया जाना है। इसके लिए यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट करना आवश्यक होगा। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि लगभग एक किलोमीटर के डायवर्शन के दौरान दीघा पुल पर यातायात व्यवस्था सुचारु एवं सुरक्षित रूप से संचालित की जा सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भारतमाला परियोजना क्षेत्र के विकास और बेहतर संपर्क सुविधा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *