Highlights

नई दिल्ली, 26 अगस्त : दिल्ली में यमुना का जलस्तर मंगलवार सुबह पुराने रेलवे पुल पर चेतावनी के निशान 204.50 मीटर को पार कर गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सुबह नौ बजे यमुना का जलस्तर 204.58 मीटर रहा।

जलस्तर में बढ़ोतरी जारी रहने के पूर्वानुमान को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियों को बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जलस्तर बढ़ने का मुख्य कारण वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जाना है। पूर्वानुमान है कि जलस्तर और बढ़ेगा लेकिन आज शाम तक इसके खतरे के निशान से नीचे ही रहने की संभावना है।’’

बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, हर घंटे हथिनीकुंड बैराज से लगभग 36,658 क्यूसेक और वजीराबाद बैराज से 35,640 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ के खतरों पर नजर रखने के लिए पुराना रेलवे पुल एक प्रमुख अवलोकन बिंदु के रूप में कार्य करता है।

दिल्ली के लिए चेतावनी चिह्न 204.50 मीटर, खतरे का निशान 205.33 मीटर और निकासी 206 मीटर पर शुरू होती है। बैराज से छोड़ा गया पानी दिल्ली तक पहुंचने में आमतौर पर 48 से 50 घंटे का समय लेता है। ऊपरी इलाकों से कम मात्रा में पानी छोड़े जाने से भी जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे दिल्ली में यह चेतावनी के निशान के करीब पहुंच गया है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *