नई दिल्ली, 04 जुलाई: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजधानी में पेड़ों की कटाई को लेकर शुक्रवार को भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक ओर दिल्ली में बेहिसाब पेड़ काटे जा रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री एक पेड़ मां के नाम 2.0 और पौधरोपण अभियान का केवल दिखावा कर रही हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए 887 पेड़, मौलाना आजाद रोड पर 476 पेड़ और नेताजी नगर पैकेज-5 में 501 पेड़ काटने की अनुमति दी जा चुकी है। प्रधानमंत्री आवास के पास अफसरों के लिए इमारतें बन रही हैं, जबकि झुग्गीवासियों को हटाया जा रहा है। प्रदूषण पर आम जनता को तो पाबंदियों में जकड़ा गया है, लेकिन सरकार खुद हरियाली को उजाड़ने में लगी है।
केजरीवाल सरकार के दौरान 2019 से 2021 के बीच हर घंटे पांच पेड़ काटे गए थे। कांग्रेस की मांग है कि दिल्ली में ट्री सेंसस अनिवार्य किया जाए, पर्यावरणीय प्रभाव का स्वतंत्र ऑडिट हो और जब तक ये प्रक्रियाएं लागू न हों किसी को भी पेड़ काटने नहीं दिया जाए।