नई दिल्ली, 15 मई: ब्रांडिंग दिल्ली अभियान के ज़रिये दिल्ली के गौरव को विश्वभर में पहुंचाया जायेगा। इस पहल से दिल्ली में पर्यटन, फिल्म और निवेश के क्षेत्र में भी नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। यह कहना है दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा का।

मिश्रा ने बात गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित ब्रांडिंग दिल्ली पहल के तहत प्रमुख पीआर/ मीडिया एजेंसियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में कही। इस बैठक का उद्देश्य दिल्ली को वैश्विक स्तर पर सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए रणनीतियां तय करना था। बैठक में विभिन्न प्रचार प्रसार एजेंसियों के प्रतिनिधियों, मीडिया विशेषज्ञों एवं ब्रांडिंग सलाहकारों ने भाग लिया।

मंत्री ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल केवल एक प्रचार मुहिम नहीं बल्कि दिल्ली की समृद्ध विरासत, विविधता, ऐतिहासिकता और समकालीन संस्कृति को विश्व पटल पर उभारने का एक प्रयास है। यह बैठक ब्रांडिंग दिल्ली के तहत भावी रोडमैप तैयार करने के लिए बुलाई गयी थी जिसके ज़रिए राजधानी दिल्ली को विकसित दिल्ली के साथ ही सांस्कृतिक और पर्यटन हब के रूप में सशक्त किया जाना और साथ ही एक वैश्विक, आधुनिक और समृद्ध राजधानी के रूप में प्रस्तुत करना है।

ब्रांडिंग दिल्ली पहल को लेकर कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली की पहचान ऐतिहासिक धरोहरों, कला, संस्कृति और उदार सोच से जुड़ी है। अब समय है कि हम मिलकर एक सशक्त ब्रांड तैयार करें जो दिल्ली के गौरव को विश्वभर में पहुंचाए। दिल्ली सरकार की कोशिश है कि पर्यटन के लिहाज़ से दिल्ली ट्रांसिट पॉइंट से आगे बढक़र वैश्विक पर्यटन केंद्र बने। इसलिए दिल्ली के छोटे छोटे दर्शनीय स्थलों की भी बड़े स्तर पर ब्रांडिंग की ज़रूरत है।

देश और विदेश के पर्यटक दिल्ली में ठहरकर विभिन्न ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कर अपना समय व्यतीत करें। मंत्री ने सभी एजेंसियों से रचनात्मक सुझाव भी आमंत्रित किए और इस अभियान को सहभागी, पारदर्शी और नवोन्मेषी बनाने का आह्वान किया।

बैठक में सहभागियों ने ब्रांडिंग के विभिन्न आयामों जैसे—डिजिटल मीडिया प्रचार, सांस्कृतिक आयोजनों का वैश्विक प्रदर्शन, अंतरराष्ट्रीय टूरिज़्म पार्टनरशिप और समावेशी शहर के छवि निर्माण पर व्यापक चर्चा की।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *