नई दिल्ली, 08 अप्रैल: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को दुबई के युवराज शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम का मंगलवार को राजधानी स्वागत किया। शेख हमदान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री भी हैं और वह भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आज यहां पहुंचे हैं।

विदेश मंत्री डॉ जयशंकर ने अपने कार्यालय में बातचीत के लिए पहुंचे शेख हमदान की तस्वीरों के साथ एक पोस्ट में कहा, “दुबई के युवराज और संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री महामहिम हमदान मोहम्मद का भारत की पहली आधिकारिक यात्रा के आरंभ में स्वागत करते हुए मुझे प्रसन्नता हो रही है। हमारे व्यापक सहयोग और जीवंत संबंधों के प्रति उनके सकारात्मक भावों को हम मान देते हैं।”

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि शेख हमदान का राजधानी पर पहुंचने पर सलामी गारद के साथ स्वागत किया गया। उनकी अगवानी के लिए केन्द्रीय पर्यटन और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी उपस्थित थे।

प्रवक्ता ने कहा, “दुबई से दिल्ली (की यात्रा भारत)! भारत-यूएई के बीच संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। दुबई के युवराज शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम हमदान मोहम्मद अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे हैं। राज्य मंत्री सुरेश गोपी द्वारा हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की गयी और औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका स्वागत किया गया।”

दुबई के युवराज के साथ इस यात्रा में वहां के कई मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और एक उच्च स्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आया है। उनकी यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने आज युवराज के सम्मान में दोपहर के भोज दिया। शेख हमदान ने डॉ जयशंकर के अलावा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ भी बैठक की।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *