नई दिल्ली, 31 जनवरी: दिल्ली विधानसभा चुनाव में निर्वाचन आयोग द्वारा कुछ विशेष वर्ग के मतदाताओं को घर से वोट देने की सुविधा का लाभ उठाते हुए अब तक करीब छह हजार मतदाता डाक मतपत्रों के जरिये अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं।

दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर एलिस वाज ने शुक्रवार को बताया कि अब तक घर से मतदान की सुविधा के जरिये 5848 डाक मतपत्र डाले गए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर विशेष योजना बनायी गयी है, जिसे चुनाव आयोग ने मंजूरी दे दी है। इसके तहत दिल्ली के 11 जिलों में 19 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।

गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में 80 साल से अधिक उम्र के लोगों और दिव्यांगों को घर से मतदान करने की सुविधा प्रदान की है।

उल्लेखनीय है कि 05 फरवरी को दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर मतदान होगा। वहीं, 08 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।

घर से मतदान की सुविधा का लाभ उठाते हुए पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर सहित कई अन्य गणमान्य लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *