नई दिल्ली, 28 जनवरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को दिल्ली के मंगोलपुरी में जनसभा को संबोधित किया। सीएम योगी ने कहा इस सदी का सबसे बड़ा महाकुंभ गंगा, यमुना, सरस्वती के संगम में आयोजित हुआ है। पिछले 16 दिनों में भारत के प्रति सनातन के प्रति नए भारत का दर्शन हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए भारत का दर्शन कराया है।

कहा इतना बड़ा आयोजन प्रयागराज में हो रहा है, क्योंकि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा और केंद्र में मोदी की सरकार है। डबल इंजन की सरकार से विकास कार्य होता है। इसका दर्शन प्रयागराज में हो रहा है। वर्ष 2025 का जनवरी माह महाकुंभ और वर्ष 2024 का जनवरी नव्य व भव्य अयोध्या का दर्शन है। डबल इंजन की सरकार से पांच सौ वर्षों का इंतजार समाप्त हुआ और अयोध्या में मोदी के कर कमलों से रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। नए भारत में सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी को मिल रहा है।

सीएम योगी ने कहा एक तरफ भारत आगे बढ़ रहा है और विकास की दर दुनिया में सबसे अधिक है। कहा दूसरी ओर दिल्ली के अंदर यहां राज्य सरकार 11 वर्षों से है और वह अराजकता का पर्याय बनकर रह गई है। देश में यह पहला राज्य सरकार व पार्टी है, जिसके ऊपर भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज है। किस नैतिकता से यह वोट मांग रहे हैं। सीएम योगी ने कहा वर्ष 2013 में अन्ना हजारे के नेतृत्व में जनलोकपाल का आंदोलन चल रहा था। सत्ता में आने के बाद आप इसे भूल गई। सिटीजन चार्टर की बात करते थे। यहां की सड़कें बहुत खराब है। क्या दिल्ली की सड़कें ऐसी होनी चाहिए? सीवर सड़क पर बह रहा है और पानी के लिए टैंकर का सहारा। टैंकर भी सप्ताह में एक या दो बार आता है।

मुख्यमंत्री ने कहा यमुना कभी भारत की पौराणिक नदी के रूप में आस्था की प्रतीक थी। दो ही नारे हर-हर गंगे हर हर यमुना लगाते थे। आज उस यमुना से सीवर की तरह बदबू आ रही थी। आप सरकार के पाप के भुक्तभोगी मथुरा व वृंदावन के लोग व श्रद्धालु हैं। यह भगवान कृष्ण का स्थल है। इस नरक से निकलने का एक ही रास्ता है, डबल इंजन की सरकार है। केंद्र की तरह दिल्ली में भी भाजपा की सरकार बने। कहने को लोग दिल्ली में रहते हैं, लेकिन यहां के लोगों को आप पार्टी ने बुनियादी सुविधाओं से वंचित करके रखा है। न बिजली सही मिलती है, न पेयजल और न स्वास्थ्य केंद्र और अच्छी शिक्षा और न ही रोजगार की सही व्यवस्था है।

उन्होंने कहा कि श्रमिक कल्याण बोर्ड के माध्यम से श्रमिकों को पैसे दिए जाते हैं, लेकिन दिल्ली में नहीं मिल रहे। आप सरकार ने व्यापारियों व अन्य लोगों के साथ श्रमिकों का भी शोषण किया है। बताया कि 23 जनवरी को मैंने प्रदेश के सभी मंत्रियों के साथ संगम में डुबकी लगाई थी। यदि केजरीवाल में नैतिकता है तो वह मंत्रियों के साथ यमुना में डुबकी लगाते। लेकिन वह डुबकी नहीं लगा सके। जबरदस्ती डुबकी लगाने के लिए किसी को बाध्य नहीं कर सकते। सीएम योगी ने कहा आप के लोगों ने श्रमिक बोर्ड के पैसे का बंदरबाट किया है। सैकड़ों करोड़ रुपये का बंदरबाट हुआ है। उत्तर प्रदेश में श्रमिकों के बच्चे विश्वस्तरीय शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। मॉडल देखें। यदि दिल्ली में भी इसे लागू करेंगे तो यहां के श्रमिकों के बच्चों को भी इसका लाभ मिलेगा।

एक तरफ दिल्ली में स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा तो वहीं दूसरी ओर आप ने देश की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों से संबंध रखा है। आधार बनाने की मशीन अपने नेताओं को वितरित कर दी। बांग्लादेशी व रोहिंग्या घुसपैठियों को आधार कार्ड बनाने का पाप किया है। ओखला में औद्योगिक निवेश की जगह बांग्लादेशी रोहिंग्या घुसपैठियों को बसाकर दिल्ली के हकों पर कुठाराघात करने का पाप किया है। सीएम योगी ने कहा आप दिल्ली के हक व सुरक्षा, दिल्ली के नौजवानों के हक और बहन-बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वाली पार्टी है। इस पार्टी को कभी बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। यह भ्रष्टाचार की जननी है। यह अराजकता व अव्यवस्था का कारण बनने वाली पार्टी है। भाजपा ने दिल्ली के लिए घोषणा पत्र दिया है। यह दिल्लीवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

विकास डबल इंजन की सरकार से ही आगे बढ़ता है। डबल इंजन की सरकार एक तरफ भव्य राम मंदिर का निर्माण करती है तो साथ में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर करती है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे, रेलवे के नेटवर्क में नंबर में एक है। सबसे अधिक मेट्रो का संचालन करने वाले शहर उत्तर प्रदेश में है। यह डबल इंजन की सरकार से संभव है। देखना है तो दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर व गाजियाबाद में देखना चाहिए। उससे दिल्ली की तुलना करके लोग दिल्ली से नोएडा व गाजियाबाद की ओर जा रहे हैं। चुनाव में आप के झूठे वादों व नारों में आने की जरूरत नहीं है। अपने गुरु अन्ना हजारे को धोखा दिया और आप के अधिक नेता जेल में बंद हो चुके हैं। भ्रष्टाचार में धंसी हुई पार्टी पर विश्वास नहीं करना चाहिए।

कहा कि मेट्रो में सहयोग, रैपिड रेल के संचालन, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेवे, ईस्टर्न व वेस्टर्न पेरिफेरल के निर्माण में उत्तर प्रदेश की सरकार ने केंद्र के साथ मिलकर काम किया। इससे उत्तर प्रदेश में जल्दी काम हुआ। लेकिन आप पार्टी ने रैपिड रेल में सहयोग नहीं किया, अपने हिस्से का पैसा दबाए रखी। युवाओं को सुविधाओं से वंचित करने वाली पार्टी है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *