नई दिल्ली, 02 जनवरी: आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया है कि वह दिल्ली में वर्षों से रह रहे पूर्वांचल समाज के लोगों को बंगलादेशी और रोहिंग्या बताकर उनका वोट कटवाने की कोशिश कर रही है।

आप के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को कहा कि पूरी दुनिया में झूठ फैलाने में माहिर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह से कुछ झूठ फैलाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी के तौर पर हमारी यह जिम्मेदारी है कि हम भारतीय जनता पार्टी के हर एक झूठ का जवाब दें। दिल्ली में 30-40 साल से जो हमारे उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वांचल के लोग रह रहे हैं, जिन्होंने अपने श्रम और परिश्रम से दिल्ली को बनाने का काम किया, अगर भाजपा सोचती है कि उनका वोट कटवा लेगी, तो आम आदमी पार्टी ऐसा कतई नहीं होने देगी।”

श्री सिंह ने कहा कि किस तरह भाजपा के लोगों ने दिल्ली में रह रहे हमारे पूर्वांचली भाई-बहनों को रोहिंग्या और बंगलादेशी कहकर अपमानित करके उनका वोट कटवाने के लिए आवेदन दिया है। उन्होंने कहा, “शाहदरा विधानसभा में 11,000 लोगों का वोट कटवाने के लिए भाजपा के एक पदाधिकारी ने आवेदन किया। जनकपुरी विधानसभा में भाजपा के 24 कार्यकर्ताओं ने 4,874 वोट कटवाने के लिए आवेदन किया। तुगलकाबाद विधानसभा में भाजपा के 15 कार्यकर्ताओं ने 2,435 वोट कटवाने के लिए आवेदन दिया, पालम में भाजपा के नौ कार्यकर्ताओं ने 1,641, रजौरी गार्डन में छह कार्यकर्ताओं ने 571, हरी नगर में चार कार्यकर्ताओं ने 637, करावल नगर में दो भाजपा कार्यकर्ताओं ने 3,260 वोट और मुस्तफाबाद में एक कार्यकर्ता ने 534 वोट काटने के लिए आवेदन दिया। यह भाजपा के कुकर्मों और पाप का लेखा-जोखा है। भाजपा को गलतफहमी है कि वह पूर्वांचल के हमारे भाइयों को बंगलादेशी और रोहिंग्या कहेंगे, उन्हें गाली देंगे, उनका वोट कटवाएंगे और मैं चुप रहूंगा। मैं सदन में भी भाजपा से लड़ूंगा और सड़क पर भी लड़ूंगा।”

श्री सिंह ने कहा कि हम दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों का वोट काटने नहीं देंगे। भाजपा वाले इन्हें बंगलादेशी और रोहिंग्या कहकर अपमानित करना बंद करें। भाजपाइयों को हम पूरी दुनिया और देश के सामने एक्सपोज कर चुके हैं। हमने इनका चुनावी घोटाला पकड़ा है। भाजपा के लोग दिल्ली में वोट कटवाकर चुनाव जीतना चाहते थे, लेकिन उनके मंसूबों पर पानी फिर गया है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *