नई दिल्ली, 26 दिसंबर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के बेलगावी (कर्नाटक) में होने वाले आयोजन में भारत के मानचित्र में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर एवं अक्साई चिन को गायब दिखाने पर तीखी प्रतिक्रिया जतायी है और आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भारत विरोधी ताकतों के इशारे पर नैतिक, राजनीतिक एवं संवैधानिक दायित्व का उल्लंघन किया है।

भाजपा के प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर केवल राज करने के लिए देश विरोधी ताकतों के हाथों भारत को छिन्न भिन्न करने और जाति, प्रांत, संप्रदाय, क्षेत्र के आधार पर बांटने की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा, “आज पूरा देश गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों के बलिदान को याद करते हुए ‘वीर बाल दिवस’ मना रहा है। परन्तु इसी अवसर पर दूसरी तस्वीर उभर कर सामने आती है, जो पीड़ा उत्पन्न करती है। बेलगावी में कांग्रेस द्वारा जो आयोजन किया जा रहा है, उसमें कांग्रेस कर्नाटक द्वारा एक ट्वीट जारी किया जाता है, जिसमें भारत के नक्शे में अक्साई चिन और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर गायब दिखता है।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा भारत के मानचित्र को छिन्न भिन्न दिखाना कोई पहली बार की घटना नहीं है। इन्होंने पहले भी कई बार ऐसा किया है। तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) द्वारा 24 अक्टूबर 20़24 को दर्शाए गये मानचित्र, कांग्रेस के अध्यक्ष के चुनाव के वक्त सितंबर 2022 में दिखाये गये मानचित्र में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर एवं अक्साई चिन को भारत का हिस्सा नहीं दिखाया गया था और 22 फरवरी 2020 को श्री राहुल गांधी द्वारा प्रदर्शित मानचित्र में को पूर्वोत्तर राज्यों को ही भारत से अलग दिखाया गया था जिस पर असम के मुख्यमंत्री ने सख्त ऐतराज जताया था।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इससे एक बात साफ हो गई है कि भारत को छिन्न-भिन्न करने का स्वप्न देखने वाली शक्तियों के साथ कांग्रेस की दुरभि संधि हो चुकी है और इस नापाक गठजोड़ की तस्वीर अब एकदम साफ हो गई है। उन्होंने कहा, “अब हम कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहते हैं कि आपके द्वारा किए गए ट्वीट में एक नहीं, कई बार लगातार भारत के हिस्सों को काटकर क्यों दिखाया जा रहा है, ये सिर्फ संयोग है या भारत विरोधी साजिश का हिस्सा है? क्या सोरोस सीक्रेट सर्विस से कोई सिग्नल आ रहा है या कोई अन्य भारत विरोधी शक्ति आपको लगातार सात समुंदर पार से संकेत दे रही है?”

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि यह मुद्दा सिर्फ नक्शों का मामला नहीं है। यह भारत की पहचान के लिए खतरा है। भारत हमेशा से भारत विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज तकनीकी रूप से मुख्य विपक्षी दल बन गयी है और इस तरह से कांग्रेस की संविधान के प्रति वचनबद्धता है। संसद में आते समय भारत की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण रखने की शपथ से बंधी है। लेकिन कांग्रेस नेताओं को भारत की एकता और अखंडता की रक्षा करने की शपथ का उल्लंघन करते देखना चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा प्रवक्ता ने पूछा कि बेलगावी में एकत्रीकरण में क्या कांग्रेस में भारत को तोड़ने के बारे में कोई मंथन हुआ है या भारत को छिन्न भिन्न करने का कोई प्रस्ताव पारित हुआ है या इस बारे में कोई समिति गठित हुई है। उन्होंने पूछा, “कांग्रेस ने किस आधार पर, किस प्रस्ताव पर यह नैतिक, राजनीतिक एवं संवैधानिक दायित्व का उल्लंघन किया है?”

उन्होंने कहा, “हम भारत की जनता को आश्वस्त करना चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार कांग्रेस के मंसूबे को लेकर सजग है और जनता की देश की एकता अखंडता को लेकर सजग है। जाति, प्रांत, वर्ग भेद के भय को फैला कर भारत के विकास को रोकने में कांग्रेस कभी सफल नहीं होगी, यह भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का संकल्प है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *