नई दिल्ली, 25 दिसंबर: आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का कहना है कि उनकी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव जीत रही है, लेकिन भाजपा हमें रोकने की साजिश कर रही है। हालांकि वह इसमें कामयाब नहीं होगी।

यहां संवाददाता सम्मेलन में केजरीवाल ने भाजपा से तीन प्रश्न किए। पहला- पिछले 10 साल में उसने दिल्ली के लिए क्या काम किया? दूसरा- अगले पांच साल में वह क्या काम करेगी? तीसरा- उसका एजेंडा क्या है और मुख्यमंत्री चेहरा कौन है? केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली वालों ने भाजपा (केंद्र सरकार) को कानून व्यवस्था का एक ही काम दिया था, इसका भी उन्होंने कबाड़ा कर दिया। आज पूरी दिल्ली में लोगों में डर का माहौल है। जब उसने दिल्ली के लिए कोई काम ही नहीं किया है तो जनता उनको वोट क्यों दे?।

उन्होंने कहा कि हमने दिल्ली में अच्छे स्कूल-अस्पताल बनाए, बिजली, पानी, महिलाओं की बस यात्रा फ्री करने समेत कई काम किए। हम अपने कामों पर वोट मांग रहे हैं, लेकिन भाजपा सिर्फ गालियों पर वोट मांग रही है।

केजरीवाल ने कहा कि सभी जानते हैं कि भाजपा ने किस तरह से 10 साल में दिल्ली के लोगों के खिलाफ उनकी जिंदगी दूभर करने के लिए कितने प्रकार के षडयंत्र रचे हैं। वह लोग समय-समय पर उपराज्यपाल के जरिए तरह-तरह के कानून लाकर दिल्ली सरकार के कामों को रोकते रहे लेकिन हमारी सरकार ने दिल्ली वालों का कोई काम रुकने नहीं दिया। दिल्ली के अंदर ऐसे-ऐसे ऐतिहासिक काम किए गए जो इस देश ने 75 साल में कभी देखे नहीं थे।

केजरीवाल ने आगे कहा कि इनके पास कोई मुख्यमंत्री चेहरा नहीं है। इनके पास कोई उम्मीदवार नहीं हैं। इनके पास चुनाव लड़ने के लिए कोई एजेंडा नहीं है। दूसरी तरफ आआपा एक पॉजिटिव कैंपेन कर रही है। हम लोगों को बता रहे हैं कि दस साल में हमने क्या-क्या काम किए। हमने स्कूल अच्छे किए, बच्चों की पढ़ाई का इंतजाम किया। लोगों के इलाज का इंतजाम किया। महिलाओं की बस यात्रा फ्री की। बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा फ्री की। हमने इतने सारे काम किए। इसलिए हम कह रहे हैं कि हमें वोट दो।

आने वाले समय में हम महिलाओं को 2100-2100 रुपये देंगे। बुजुर्गों का फ्री इलाज कराएंगे, चाहे उनका इलाज प्राइवेट अस्पताल में हो या सरकारी में। हम अपने कामों पर वोट मांग कर रहे हैं। ये केवल और केवल गालियों पर वोट मांग रहे हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *