नई दिल्ली, 17 नवंबर: किराड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के दो बार विधायक रहे अनिल झा रविवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। 32 वर्षों तक भाजपा में रहे अनिल झा ने कहा कि वहां पूर्वांचल के नेताओं एवं समाज की उपेक्षा हो रही है। वहीं, अरविंद केजरीवाल ने कच्ची कॉलोनियों में रहने वाले पूर्वांचली, दलित, महादलितों के लिए बीते 10 वर्षों में खूब विकास कार्य किए हैं। अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने आप पार्टी का दामन थामा है।

आप मुख्यालय में अरविंद केजरीवाल ने पटका एवं टोपी पहनाकर अनिल झा का पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में पूर्वांचल का जिक्र किया जाए तो बड़े नेताओं में अनिल झा का नाम शामिल है। उन्होंने विधायक एवं कार्यकर्ता रहते हुए पूर्वांचलियों के हित को ध्यान में रखते हुए काम किया है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में शिक्षा एवं रोजगार के लिए पूर्वांचल से लोग आते हैं। दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों में सबसे ज्यादा पूर्वांचल समाज के लोग रहते हैं। इनके साथ कांग्रेस और भाजपा ने केवल राजनीति की है। इनके लिए केवल आप ने बीते दस वर्षों में काम किया है। उन्होंने कहा कि अनिल झा के पार्टी में शामिल होने से न केवल किराड़ी इलाके में बल्कि दिल्ली के पूर्वांचल बहुल क्षेत्रों में पार्टी को मजबूती मिलेगी।

अनिल झा ने कहा कि वह बिहार के मधुबनी से दिल्ली पढ़ने के लिए आए थे। उन्हें लगता था कि पूर्वांचल के लोगों को भाजपा से मदद मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अरविंद केजरीवाल की वजह से आज कच्ची कॉलोनियों में अच्छे सरकारी स्कूल बने हैं। मोहल्ला क्लीनिक में मुफ्त उपचार मिल रहा है। अन्य पार्टियों में बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, लेकिन सामाजिक न्याय पर कोई ध्यान नहीं दे रहा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वर्ष 2015 से पहले जब कच्ची कॉलोनी में जाते थे तो वहां लोगों को पीने का पानी नहीं मिलता था। स्वास्थ्य सेवाएं एवं स्कूल नहीं थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि इन क्षेत्रों में विकास नहीं हो सकता, लेकिन सभी बाधाओं को तोड़कर उनकी सरकार ने इन क्षेत्रों में विकास कार्य करवाए। अभी तक 1750 कच्ची कॉलोनियों में से 1650 में पीने का पानी पहुंचा दिया गया है। 10 हजार किलोमीटर सड़क इन क्षेत्रों में वह बनवा चुके हैं। केजरीवाल ने कहा कि वर्ष 2019 में दिल्ली विधानसभा चुनाव से पूर्व केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने ऐलान किया था कि कच्ची कॉलोनियों के लिए रजिस्ट्री खोली जा रही है। इस बात को पांच साल बीत गए हैं, लेकिन आज तक किसी भी परिवार की एक रजिस्ट्री नहीं हुई है। भाजपा ने कच्ची कॉलोनियों के लोगों को धोखा दिया है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *