नई दिल्ली, 14 नवंबर: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु की जयंती पर उनके समाधि स्थल ‘शांति वन’ जाकर उन्हें गुरुवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रीमती वाड्रा ने खुद यह जानकारी देते हुए कहा “देश को 21वीं सदी में लाने वाले सैकड़ों शैक्षणिक, वैज्ञानिक, औद्योगिक एवं शोध संस्थाओं व परियोजनाओं के स्वप्नदृष्टा, कृषि और उद्योग कार्यक्रमों के माध्यम से आधुनिक भारत की मजबूत बुनियाद रखने वाले राष्ट्रनिर्माता एवं महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू जी को शांति वन जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पंडित नेहरू के लोकतांत्रिक आदर्श, स्वतंत्रता, बराबरी, न्याय और प्रगति के विचार हम सबकी प्रेरणा हैं।”

इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर पंडित नेहरू को जयंती पर नमन किया और कहा “दुनिया में जितनी भी बुराइयां हैं, डर उन सबकी बुनियाद है।”

दशकों के संघर्ष और असंख्य कुर्बानियों के बदले जब हमने आजादी हासिल की, तब भी ऐसे लोग थे जो भोली-भाली जनता को डराने और बहकाने की सियासत करते थे। पंडित जवाहरलाल नेहरू जी ने डटकर उनका मुकाबला किया और आम जनता से कहा “डरो मत। जनता में डर फैलाने वाले लोग जनता के सच्चे प्रतिनिधि नहीं हो सकते। जनसेवक सीना तानकर सबसे आगे खड़े होते हैं ताकि लोग निडर होकर जी सकें। नेहरू जी ने जनता को हमेशा निडरता और नि:स्वार्थ सेवा की सीख दी तो दूसरी तरफ राष्ट्र निर्माण के हर पड़ाव पर जनता को सर्वोपरि रखा। आधुनिक भारत के निर्माता को सादर नमन।”

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *