नई दिल्ली, 13 नवंबर: कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि गोवा में पिछले 10 वर्ष के दौरान सरकारी नौकरियों में भर्ती को लेकर व्यापम की तरह कई बड़े घोटाले हुए हैं और इन सब घोटालों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के तार जुड़े हुए हैं।

गोवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गिरीश चडोनकर और कांग्रेस सचिव आलोक शर्मा आज यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गोवा में नौकरियों के नाम पर पिछले 10 साल से युवाओं के साथ धोखा हो रहा है और अब गोवा में नौकरियों का घोटाला सामने आया है।उन्होंने कहा,”मोदी जी ने कहा था-न खाऊंगा, न खाने दूंगा।

लेकिन आज हालात ये हैं कि जब भी किसी परीक्षा में धांधली होती है, चाहे मध्य प्रदेश का व्यापम घोटाला हो,उत्तराखंड के विधानसभा का घोटाला हो, गुजरात में 22 पेपरलीक की घटनाएं हो,हरियाणा में नौकरियों का घोटाला हो या यूपीएससी या नीट का घोटाला हो इन सभी में एक बात समान है कि सबके तार कहीं न कहीं भाजपा से जुड़े मिलते हैं।”

कांग्रेस नेताओं ने कहा, “हमारा आरोप है कि 2019 के बाद जो भी भर्तियां हुई हैं, उनमें प्रोसेस स्कैम हुआ है, जिसमें सही प्रक्रिया नहीं अपनाई गई। गोवा का ये घोटाला बिल्कुल मध्य प्रदेश के व्यापम तरह है। इस इस घोटाले में जो भी लोग गिरफ्तार हुए हैं, उन सभी की तस्वीरें भाजपा के नेताओं के साथ हैं। इस मामले की जांच गोवा पुलिस कर रही है, जो गृह मंत्री के अधीन है और गृह मंत्रालय यहां के मुख्यमंत्री के पास है।”

उन्होंने कहा, “गोवा में व्यापम पार्ट-2 चल रहा है जिसमें भाजपा लीपापोती करने में लगी है। गोवा में ‘कैश फॉर जॉब’ के नाम पर सैकड़ों करोड़ रूपये का घोटाला हुआ है। मामले में अब तक करीब 20 प्राथमिकी दर्ज हुईं हैं और लगभग 19 लोग गिरफ्तार हुए हैं। वर्ष 2019 में गोवा पब्लिक सर्विस कमीशन का एक एक्ट आता है जिसमें दो बार संशोधन किया जाता है, ताकि एक्ट लागू ही न हो। इस एक्ट में संशोधन ऐसे किए गए कि ये एक्ट 2022 से पहले जितने भी विज्ञापन आए या प्रक्रियाओं में लागू नहीं होगा। नीट घोटाले के मामले में भी यही हुआ। मामला सामने आया तो गोवा कांग्रेस ने मुद्दे को जोर-शोर से उठाया जिसमें करोड़ों की लेनदेन के कई ऑडियो सामने आए, कई लोग गिरफ्तार हुए हैं। ये गोवा का ‘व्यापम घोटाला’ है।”

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *