सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

नई दिल्ली, 09 जून : भारतीय युवा कांग्रेस ने नीट यूजी परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुए रायसीना रोड पर रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे कई लोगों को हिरासत में लिया। भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि इस धांधली ने 24 लाख युवा छात्रों के भविष्य को अंधेरे की तरफ धकेल दिया है। उन्होंने दोबारा से नीट परीक्षा कराने की मांग की है।

श्रीनिवास बी वी ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई धांधली इन छात्रों के साथ ही देश की स्वस्थ व्यवस्था और भविष्य के साथ धोखा है। आज देश में ऐसी कोई परीक्षा नहीं है, जिसमें धांधली नहीं हो रही है। यह सरकार पेपर लीक और धांधली पर कोई बात नहीं करती है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक और परिणाम धांधली पर केंद्र सरकार चुप है। परीक्षा कराने वाली संस्था एनटीए शक के घेरे में है, क्योंकि पेपर लीक होने की बात भी सामने आ रही है।

श्रीनिवास बी वी ने कहा कि नीट का रिजल्ट जल्दबाजी में पहले ही जारी कर दिया गया। ये बातें एनटीए पर सवाल खड़ी करती है। उन्होंने कहा कि मामले में कड़ी कार्रवाई करने की आवश्यकता है, क्योंकि पेपर लीक माफिया छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *