नई दिल्ली, 12 मई : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमें देश को तानाशाही से बचाना है और इस संघर्ष में आप सब लोगों का साथ जरुरी है।

श्री केजरीवाल ने शनिवार को दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के मेहरौली और पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर विधानसभा में रोड शो किया। उन्होंने कहा कि आपके लिए स्कूल-अस्पताल बनाए और बिजली-पानी मुफ्त किया इसलिए इन लोगों ने उन्हें जेल भेजा। यह लोग दिल्ली का काम रोकना चाहते हैं। यह तानाशाही है और आज इसी तानाशाही के खिलाफ तन-मन-धन से लड़ रहा हूं। इस तानाशाही से देश को बचाने के लिए आप लोगों का साथ मांगने आया हूं।

उन्होंने कहा कि इतने दिनों के बाद आपके बीच आकर अच्छा लग रहा है। इन्होंने मुझे गिरफ्तार किया तो यही सोच रहा था कि उनका कसूर क्या है? दो राज्यों में हमारी सरकार है। ये लोग तो बहुत बड़े और ताकतवर लोग हैं। हमने दिल्ली के बच्चों के लिए अच्छे स्कूल बनाकर दिए, दिल्लीवालों के लिए मोहल्ला क्लीनिक खोले, इलाज मुफ्त कर दिया, सरकारी अस्पताल अच्छे कर दिए। आप लोगों के लिए दिल्ली के अस्पतालों में मुफ़्त इलाज और दवाइयों का इंतजाम किया। लेकिन जब मैं तिहाड़ गया तो इन्होंने मेरी दवाई 15 दिनों के लिए बंद कर दी। मैं शुगर का मरीज हूं। जब मैं बाहर था तो रोज 52 यूनिट इंसुलिन लेता था। वहां पर इन लोगों ने मेरा इंसुलिन भी बंद कर दिया।

श्री केजरीवाल ने कहा कि ये हमारे काम रोकना चाहते हैं। ये देश के लिए अच्छी बात नहीं है। ये तानाशाही है। हमें इसी तानाशाही के खिलाफ लड़ना है। आज मैं इसी तानाशाही के खिलाफ लड़ रहा हूं। आज मैं तन-मन-धन से इस तानाशाही के खिलाफ संघर्ष कर रहा हूं। मुझे आप लोगों का साथ और सहयोग चाहिए। ये देश बहुत महान देश है। हमारा देश 4000 साल पुराना है। बहुत बड़े-बड़े तानाशाह आए, जिन्होंने इस देश के ऊपर तानाशाही करने की कोशिश की, लेकिन इस देश ने कभी किसी तानाशाह को कबूला नहीं। इस देश की जनता ने किसी की तानासाही नहीं चलने दी। जितने भी तानाशाह आए, जनता ने उखाड़ कर उनका तख्ता पलट दिया। हमें देश को तानाशाही से बचाना है।

इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को जेल से बाहर आए 24 घंटे भी नहीं हुए और वह आपसे मिलने और आपके दुख-सुख में शामिल होने के लिए आपके साथ खड़े हैं। आप लोग जिस जोश के साथ आए हैं, ये बहुत बड़ी बात है। भाजपा वाले सोच रहे थे कि अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को जेल में बंद कर दो, पार्टी अपने आप खत्म हो जाएगी। इनको पता नहीं था कि आम आदमी पार्टी एक सोच का नाम है, ये सोच खत्म नहीं हो सकती है। हम सभी अरविंद केजरीवाल की सेना हैं, हमारा कोई सिपाही या जनरल नहीं है। हम सभी एक जैसे हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *