हैदराबाद, 10 मई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इसे ‘हिंदू विरोधी’ करार देते हुए कहा कि सबसे पुरानी पार्टी जानती है कि धर्म आधारित आरक्षण संविधान विरोधी है और बाबा साहेब आंबेडकर ने भी इसका विरोध किया था।

तेलंगाना के नारायणपेट में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस को न तो हिंदुओं की परवाह है और न ही इस देश की।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस धर्म और जाति के नाम पर देश को बांटती है। कांग्रेस जानती है कि धर्म के आधार पर आरक्षण संविधान विरोधी है। कांग्रेस भी जानती है कि बाबा साहेब अंबेडकर ने उसका विरोध किया था।’’

तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए मोदी ने बिना किसी का नाम लिए बगैर ‘आरआर टैक्स’ का उल्लेख किया और कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी इसे लेकर मीडिया में स्पष्टीकरण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह संकेत देता है कि इससे कौन जुड़ा हुआ है।

मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘शहजादे’ (राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए) के सलाहकार ने दक्षिण भारतीय लोगों को अफ्रीकियों की तरह बताया। उन्होंने दावा किया कि इसका मतलब है कि तेलंगाना के लोग अफ्रीकियों की तरह दिखते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आप जानते हैं क्यों, क्योंकि उन्हें आपकी त्वचा का रंग पसंद नहीं है। अब कांग्रेस त्वचा के रंग के आधार पर तय करेगी कि कौन अफ्रीकी है और कौन भारतीय।’’

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *