नई दिल्ली, 10 मई : सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार शाम करीब 6.55 बजे दिल्ली की तिहाड़ जेल से बाहर आ गए। जेल से निकलकर केजरीवाल सीधे घर के लिए निकले, इस बीच रास्ते में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- ‘हनुमानजी के आशीर्वाद से मैं आज आप लोगों के बीच में हूं। मैं सब लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। देश के करोड़ों लोगों ने अपनी दुआएं, अपना आशीर्वाद मुझे दिया। मैं सुप्रीम कोर्ट के जजेस का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिनकी वजह से मैं आपके बीच में हैं। आप लोगों से सिर्फ एक ही बात कहना चाहता हूं कि हम सबको मिलकर देश को तानाशाही से बचाना है। देश के 140 करोड़ लोगों को मिलकर तानाशाही से लड़ना होगा।’ साथ ही केजरीवाल ने कल दिन में 11 बजे अपने समर्थकों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर पहुंचने के लिए कहा और बताया कि दोपहर 1 बजे आप कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा।

इससे पहले शुक्रवार दोपहर सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार अरविंद केजरीवाल को 1 जून तक के लिए अंतरिम जमानत दी है। जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की डिवीजन बेंच ने महज 5 मिनट से भी कम समय में अपना फैसला सुना दिया। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को 2 जून को सरेंडर करने को कहा है। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी के उस अनुरोध को खारिज कर दिया, जिसमें उन्हें 4 जून को परिणाम घोषित होने तक अंतरिम जमानत देने की मांग की गई थी। बता दें कि, सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने 7 मई को केजरीवाल की अंतरिम जमानत को लेकर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। इसके साथ ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दिल्ली के शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में आज नई चार्जशीट दाखिल कर सकता है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईडी की इस चार्जशीट में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ ही आम आदमी पार्टी को भी आरोपी बनाया जा सकता है।

सुप्रीम कोर्ट के दो जजों की बेंच मंगलवार को केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए अंतरिम जमानत देने पर आदेश सुनाए बिना उठ गई थी। बेंच ने केजरीवाल और प्रवर्तन निदेशालय की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी और अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह न्यायिक हिरासत के तहत तिहाड़ जेल में बंद हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईडी की इस चार्जशीट में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ ही आम आदमी पार्टी के अलावा तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी और विधान पार्षद के. कविता और मामले से जुड़े कुछ व्यक्तियों और कंपनियों सहित आधा दर्जन संस्थाओं के खिलाफ आरोपपत्र तैयार किया गया है। सूत्रों ने बताया कि आरोपियों पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगाए जाएंगे और आरोपपत्र पीएमएलए की धारा 45 और 44(1) के तहत दाखिल किया जाएगा। एजेंसी इस आरोपपत्र में आम आदमी पार्टी (आप) का नाम भी शामिल कर सकती है साथ ही 2022 में दर्ज मामले में कुछ नई संपत्तियों के कुर्की के आंकड़े भी शामिल होंगे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *