पटना। करीब तीन दशक पुराने एक मामले में शुक्रवार देर रात पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में की गई, जिसके तहत पुलिस की एक टीम रात में उनके मंदिरी स्थित आवास पर पहुंची।
पुलिस के पहुंचते ही आवास के बाहर समर्थकों की भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने सांसद को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें तत्काल मेडिकल जांच के लिए आईजीआईएमएस ले जाया गया। इस दौरान समर्थकों द्वारा विरोध किए जाने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से न्यायालय के आदेश के तहत की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गर्दनीबाग थाना से जुड़े एक पुराने मामले में सांसद को तय तारीख पर कोर्ट में उपस्थित होना था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति के कारण अदालत ने गिरफ्तारी का आदेश जारी किया था।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस टीम रात करीब दस बजे सांसद के आवास पर पहुंची थी। पुलिस अधिकारियों ने जब उन्हें गिरफ्तारी की जानकारी दी तो सांसद ने रात में कहीं भी जाने से इनकार कर दिया और अधिकारियों से सुबह आने को कहा। हालांकि, कोर्ट के आदेश को देखते हुए पुलिस ने उसी रात कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस गिरफ्तारी के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है, वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और अदालत के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है।
घटना के बाद पूरे मामले पर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।