नई दिल्ली, 04 अप्रैल : हेमा मालिनी पर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला की टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा ने कांग्रेस को महिलाओं का अनादर करने वाला बताया है।

गुरुवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा भारतीय राजनीति में महिलाओं की गरिमा का अनादर और अपमान करने का एक नया स्टेटस है। ऐसा लगता है कि लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री को लोगों से मिल रहे अपार जनसर्मथन से विपक्ष ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है। एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी, जिन्होंने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव, जहां भारत उतरने वाला पहला देश बना, को ‘शिव-शक्ति’ बिंदु का नाम दिया और दूसरी तरफ कांग्रेस नेता का बयान महिलाओं के प्रति उनकी पार्टी की सोच दर्शाती है। हेमा मालिनी सोनिया गांधी की उम्र की हैं और वह आजादी के बाद के भारत में स्व-निर्मित महिलाओं का प्रतीक हैं।

इससे पहले मथुरा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार हेमा मालिनी ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के बयान पर कहा कि जो नाम वाला होता है, उसी को निशाना बनाया जाता है। वे केवल लोकप्रिय लोगों को निशाना बनाते हैं, क्योंकि अलोकप्रिय लोगों को निशाना बनाने से उन्हें कोई फायदा नहीं होगा। उन्हें महिलाओं का सम्मान करना सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जिस प्रकार से महिलाओं के सम्मान को लेकर काम किया है, इससे वे सीख सकते हैं।

उधर, कांग्रेस नेता चरण दास महंत की प्रधानमंत्री मोदी पर की गई टिप्पणी पर सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि ऐसा लगता है कि लोगों के विरोध और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति लगातार बढ़ते समर्थन और स्नेह के बाद कांग्रेस के नेता अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। ऐसी भाषा लोकतंत्र में दुखद है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *