नई दिल्ली, 31 मई : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को स्वच्छ, स्वस्थ और गरिमामयी बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। श्रीमती गुप्ता ने शनिवार को यहाँ जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ‘100 दिन सेवा के, काम करने वाली सरकार’ के एक कार्यक्रम में कहा, “मुझे बहुत दुख होता है जब मैं उन लोगों के बारे में सोचती हूं जो मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठकर सुरक्षा बलों पर सवाल उठाते थे और देश के दुश्मनों से हाथ मिलाते थे। ऑपरेशन सिंदूर ने महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। मैं इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देती हूं। देश की सभी महिलाएं दुश्मन के इलाके में आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के लिए सशस्त्र बलों को सलाम करती हैं। प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से देश का स्वाभिमान बढ़ाने का काम किया है।”

उन्होंने कहा, “पिछली सरकारें झुग्गियों को सिर्फ वोट बैंक समझती थी इसलिए उनके इलाके में कोई विकास का काम नहीं किया गया, लेकिन हमारी सरकार ने पहले बजट में ही झुग्गी वाले इलाके के विकास के लिए सात सौ करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया है। अब हर झुग्गी वाले इलाके में कोई न कोई काम शुरू हो गया है।” उन्होंने आश्वस्त किया कि झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोगों को जब तक पक्का मकान नहीं मिल जाता तब तक वहीं रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा सम्मान के साथ उनकी हर आशाओं को पूरा करना उनका दायित्व है। उन्होंने महिलाओं को ढाई हज़ार देने का जो वादा किया गया था उसे योजनाबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। सभी योग्य पात्रों को इसका लाभ दिया जाएगा। श्रीमती गुप्ता ने कहा, “पिछले दस साल में दिल्ली की जनता को जो जख्म मिले हैं उनको पाँच साल में भरने की हमारी कोशिश होगी।”

उन्होंने कहा है कि पिछले 10 साल में दिल्ली की सत्ता में जो सरकार रही वह कूड़े के पहाड़ को एक इंच भी कम नहीं कर पाई। हमारी सरकार आने के बाद कूड़े के निष्पादन का काम तेज किया गया है। दिल्ली को ई-वेस्ट मुक्त बनाना केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी ज़िम्मेदारी है। सरकार ई-वेस्ट प्रबंधन को लेकर ठोस नीति और दीर्घकालिक समाधान के साथ आगे बढ़ रही है यही है हमारी सेवा और संकल्प का रास्ता है। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि पहले हर काम में भ्रष्टाचार होता था, लेकिन अब सरकार हर काम में पारदर्शिता लेकर आई है और भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा,“स्वास्थ्य के क्षेत्र में दिल्ली वालों को उनका हक नहीं मिला था, लेकिन हमारी सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में दिल्ली वालों को आयुष्मान योजना लागू करने का फैसला किया। पिछले 100 दिनों में आयुष्मान योजना में 3.5 लाख लोगों ने पंजीकरण करा लिया है जिसे 10 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए विस्तृत योजना बनाई है और उस पर काम किया जा रहा है। दिल्ली के सभी 250 वार्डों में प्रत्येक वार्ड चार-चार पानी छिड़काव के मशीनों को लगाया जाएगा। इसके अलावा ऊंची इमारतों पर भी एंटी-स्मॉग गन लगाये जाएँगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में यमुना केवल 48 किलोमीटर बहती है, लेकिन उसे साफ करने को पहले की सरकारों ने गंभीरता नहीं दिखाई। हमारी सरकार ने 100 दिन में पहले इस समस्या को समझा, फिर कार्रवाई शुरू की और 22 बड़े नालों को चिह्नित किया गया है जहां से गंदगी यमुना में जाती है। नए एसटीपी लगाने और पुराने एसटीपी का पुनरुद्धार करने के काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में बढ़ती स्कूल फीस पर चिंता जताते हुए कहा कि हम एक नया फीस एक्ट लेकर आए हैं, जिससे बिना अभिभावक से चर्चा किए कोई स्कूल फीस नहीं बढ़ा पाएगा। उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार के एक सौ दिन पर आयोजित कार्यक्रम में अभिनेता अनुपम खेर ने मुख्यमंत्री के साथ चर्चा की है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *