पटना, 14 मई : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का पार्थिव शरीर मंगलवार को नई दिल्ली से पटना लाया गया।

श्री मोदी का पार्थिव शरीर दिल्ली से विशेष विमान के जरिये पटना लाया गया। हवाईअड्डा पर उनके पार्थिव शरीर को पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव प्रताप रूडी ने कंधा दिया। इस मौके पर दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, पद्मश्री विमल जैन के अलावा कई भाजपा विधायक और प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

‘जब तक सूरज चांद रहेगा सुशील मोदी तेरा नाम रहेगा’ और ‘सुशील मोदी अमर रहे’ के नारों के बीच उनका पार्थिव शरीर हवाईअड्डा से सीधे राजेंद्र नगर स्थित उनके आवास पर ले जाया गया। वहां बिहार सरकार में मंत्री मंगल पांडेय, नीतीश मिश्रा और नीरज बबलू समेत कई अन्य नेता मौजूद हैं।

श्री मोदी की अंतिम यात्रा उनके राजेंद्र नगर आवास से संघ कार्यालय विजय निकेतन दिनकर चौराहा, नाला रोड, भट्टाचार्य मोड़, एक्जीबिशन रोड चौराहा, डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना, इस्कॉन मंदिर, बुद्ध मार्ग पुल होते हुए सप्तमूर्ति पहुंचेगी। बिहार विधानमंडल परिसर और फिर भाजपा के प्रदेश कार्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।

भाजपा प्रदेश कार्यालय से आयकर गोलंबर, पुनाईचक, विश्वेश्वरैया भवन से अटल पथ होते हुए श्री मोदी की अंतिम यात्रा दीघा घाट पहुंचेगी, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा। गौरतलब है कि सोमवार रात नई दिल्ली एम्स में श्री मोदी का निधन हो गया था। वह कैंसर से पीड़ित थे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *