पटना, 15 दिसंबर: भारतीय जनता पार्टी ने बिहार में संगठन को नई दिशा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय नेतृत्व ने संजय सरावगी को बिहार प्रदेश बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ ही पार्टी ने आगामी चुनावों और संगठनात्मक मजबूती के संकेत दे दिए हैं।
संजय सरावगी वर्तमान में दरभंगा शहरी विधानसभा सीट से विधायक हैं और उनकी गिनती पार्टी के अनुभवी व जमीनी नेताओं में होती है। उनका राजनीतिक सफर छात्र जीवन से ही शुरू हुआ। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े रहे और 1995 में भारतीय जनता पार्टी की औपचारिक सदस्यता ली।
पार्टी संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने के बाद संजय सरावगी को अब प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। केंद्रीय नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से बिहार में बीजेपी और अधिक मजबूत होगी।
नए अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि संजय सरावगी के नेतृत्व में बीजेपी बिहार में संगठन को बूथ स्तर तक और सशक्त करने पर जोर देगी।