नई दिल्ली, 11 मई: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज प्रीतमपुरा स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर की 36वीं रथयात्रा महोत्सव में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने धार्मिक आस्था और समाजिक सौहार्द्र के प्रतीक इस महोत्सव की सराहना की। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं है, बल्कि अहिंसा, सत्य, संयम और अपरिग्रह जैसे भगवान महावीर के मूल संदेशों को समाज में जाग्रत करने वाला एक प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने इस रथयात्रा को धार्मिक शोभायात्रा से कहीं अधिक बताते हुए इसे धर्म, सेवा, करुणा और शांति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने दिल्ली की विविधताओं से भरी संस्कृति में जैन समाज के योगदान की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जैन समाज न केवल धार्मिक संतुलन स्थापित करता है, बल्कि सामाजिक सौहार्द्र को भी मजबूत बनाता है। आयोजन के सफल संचालन के लिए मुख्यमंत्री ने मंदिर समिति और आयोजन टीम को शुभकामनाएं और साधुवाद भी दिया। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने भगवान महावीर के आदर्शों का स्मरण किया।