नई दिल्ली, 04 जून : भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अब 10 जून को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) के लिए रवाना होंगे। एक्सिओम स्पेस मिशन-4 के तहत हो रही यह उड़ान पहले 29 मई और फिर 8 जून को तय थी, लेकिन तकनीकी कारणों से दो बार टाल दी गई। अब यह मिशन 10 जून को शाम 5:52 बजे फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट के जरिए लॉन्च होगा।

इस मिशन में भारत सहित चार देशों के चार एस्ट्रोनॉट शामिल हैं, जो 14 दिन तक स्पेस स्टेशन पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभांशु शुक्ला से अंतरिक्ष में संवाद की संभावना भी जताई जा रही है।

मिशन में ये होंगे साथ:

शुभांशु शुक्ला (भारत): आईएएफ पायलट, पहली बार अंतरिक्ष यात्रा

स्लावोज़ उज़्नान्स्की (पोलैंड): 1978 के बाद दूसरे पोलिश एस्ट्रोनॉट

टिबोर कापू (हंगरी): 1980 के बाद दूसरे हंगेरियन एस्ट्रोनॉट

पैगी व्हिटसन (अमेरिका): यह उनका दूसरा कॉमर्शियल स्पेस मिशन है

शुभांशु शुक्ला: उत्तर प्रदेश से अंतरिक्ष तक का सफर

शुभांशु शुक्ला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निवासी हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, अलीगंज से पूरी की है। 12वीं के बाद एनडीए की परीक्षा पास कर वे भारतीय वायुसेना में पायलट बने। एनडीए के अंतर्गत उन्होंने स्नातक की डिग्री हासिल की, जो जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से संबद्ध है।

मिशन लॉन्च से पहले शुभांशु और अन्य क्रू सदस्य फिलहाल क्वारंटीन में हैं। इस ऐतिहासिक मिशन को लेकर भारत सहित चारों देशों में उत्साह का माहौल है। मिशन के दो बार टलने से चाहने वालों के मन में निराशा का भाव भी आया, लेकिन सभी उत्साहित हैं कि शुभांशु 10 जून को स्पेस मिशन में जा रहे हैं। खास बात यह है कि पीएम मोदी से बातचीत होने की भी संभावना जताई जा रही है, जिससे मिशन को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *