वृंदावन (मथुरा)। भक्ति और आध्यात्मिकता की नगरी वृंदावन में उस समय विशेष हलचल देखने को मिली, जब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा सोमवार तड़के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन और एकांतिक वार्ता के लिए पहुंचे।
सुबह लगभग 5:30 बजे दोनों दंपति मथुरा के वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम पहुंचे। आश्रम में उनका आगमन अत्यंत सादगीपूर्ण रहा। सूत्रों के अनुसार, विराट और अनुष्का ने करीब एक घंटे तक आश्रम में समय बिताया, जहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज जी से आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
बताया जाता है कि यह मुलाकात पूर्णतः निजी और आध्यात्मिक उद्देश्य से थी। दोनों ही लंबे समय से आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं और समय-समय पर विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन करते रहे हैं। वृंदावन की शांत व पावन वातावरण में उन्होंने भक्ति और ध्यान के क्षण बिताए।
हालांकि यात्रा को गोपनीय रखने का प्रयास किया गया था, लेकिन जैसे ही उनके आगमन की सूचना फैली, आश्रम के बाहर प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शन के उपरांत जब वे आश्रम से बाहर निकले, तो उनकी गाड़ी केली कुंज आश्रम के बाहर लगे जाम में कुछ देर के लिए फंस गई। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रशंसक अपने चहेते क्रिकेटर और अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखाई दिए।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। स्थानीय पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारू कराया।