मधुबनी/नई दिल्ली, 24 अप्रैल: राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर मधुबनी में आयोजित सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से शांति और सुरक्षा तेज विकास के लिए सबसे जरूरी शर्त है। उसी प्रकार विकसित भारत के लिए विकसित बिहार जरूरी है। बिहार में विकास हो और विकास का लाभ हर क्षेत्र के हर वर्ग तक पहुंचे, ये हम सबका प्रयास है। उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ की तबाही को कम करने के साथ यहां के किसानों, महिलाओं समर्थ बनाने के साथ युवाओं को रोजगार का अवसर दिलाने के लिए केंद्र सरकार समर्पण के साथ काम कर रही है। उन्होंने पहलगाम की आतंकी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह उन निहत्थे यात्रियों पर नहीं बल्कि भारत की आत्मा पर हमला है। भारत उन आतंकियों और उनका आकाओं को ऐसी सजा देगा जिसकी वे कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्होंने आतंकवाद पर बिहार की धरती से अंग्रेजी में विश्व भर के देशों और नेताओं को कड़ा संदेश दिया।

पीएम मोदी ने कहा किदेश में 30,000 पंचायत भवन बनाए गए और उन्हें संसाधन देकर मजबूत किया गया। पंचायतों को 2 लाख करोड़ से ज्यादा का फंड देकर मजबूत किया गया। ग्राम पंचायत की एक और बड़ी समस्या है भूमि विवाद की। इसी के समाधान के लिए जमीनों के रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण किया जा रहा है ताकि समाधान निकाला जा सके। पंचायत सामाजिक भागीदारी में अहम भूमिका निभाते हैं। बिहार देश का पहला राज्य है जहां महिलाओं को 50% आरक्षण की सुविधा चुनाव में दी गई। इसके लिए नीतीश कुमार का अभिनंदन है। आज बहुत बड़ी संख्या में गरीब, दलित, महादलित, पिछड़े समाज की बहन-बेटियां बिहार में जनप्रतिनिधि बनकर सेवा दे रही हैं और यही सच्चा सामाजिक न्याय है। यही सच्ची सामाजिक भागीदारी है। लोकतंत्र में भागीदारी से ही मजबूती आती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी सोच के साथ लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का कानून भी बनाया गया जिसका लाभ देश के हर राज्य की महिलाओं को मिलेगा। हमारी बहन बेटियों को ज्यादा प्रतिनिधित्व मिलेगा। देश में महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर बनाए गए। इसके लिए सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। बिहार में चल रही जीविका दीदी कार्यक्रम से अनेक बहनों का जीवन बदला है। आज बिहार की बहनों के स्वयं सहायता समूह को 1000 करोड रुपए की मदद दी गई है। इससे बहनों की आर्थिक स्वतंत्रता को बल मिलेगा।

पीएम ने कहा कि बीते दशक में 4 करोड़ से अधिक पक्के घर बनवाए गए। बिहार में 57 लाख गरीब परिवारों को पक्के घर मिल चुके हैं आने वाले सालों में 3 करोड़ और पक्के घर गरीबों को मिलने जा रहे हैं आज भी बिहार के गरीब डेढ़ लाख परिवार अपने नए पक्के घर में गृह प्रवेश कर रहे हैं। देश भर के 15 लाख गरीब परिवारों को नए घरों के निर्माण के स्वीकृति पत्र भी दिए गए हैं इसमें भी 3:30 लाख लाभार्थी हमारे बिहार के ही हैं। आज भी करीब 10 लाख गरीब परिवारों को उनके पक्के घर के लिए आर्थिक मदद भेजी गई है जिसमें बिहार के 80,000 ग्रामीण परिवार 1,00000 शहरी परिवार शामिल हैं।

पीएम ने कहा कि पटना एयरपोर्ट का विस्तार हो रहा है। दरभंगा एयरपोर्ट को सुदृढ़ किया जा रहा है। बिहार में रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। हमारे किसान अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। कोसी का एक क्षेत्र बाढ़ से बहुत परेशान रहा। सरकार बिहार में बाढ़ के प्रकोप को कम करने के लिए 11000 करोड़ खर्च करने वाली है। इससे बागमती बूढ़ी गंडक,कोसी पर बांध बनेंगे और नहरों का निर्माण होगा। मखाना देश दुनिया के लिए सुपर फूड है। बिहार के लिए यह संस्कृति का हिस्सा है। यह समृद्धि का प्रतीक है। मखाने को जीआई टैग दिलाया गया। मखाना इसी धरती का उत्पादन है, इस पर मोहर लग गई है। मखाना रिसर्च सेंटर को भी स्पेशल स्टेटस दिया गया है। मखाना बोर्ड की घोषणा की गई है इससे मखाना किसानों का भाग्य बदलने वाला है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *