सासाराम, 27 फरवरी। रोहतास जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठोरसन पंचायत के पंचायत सचिव को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पटना से आई निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई गुरुवार शाम सीढ़ी गांव के समीप की। गिरफ्तारी के बाद पूरे प्रखंड क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार ठोरसन ग्राम पंचायत के पंचायत सचिव ऋतु रंजन पंडित उर्फ सोनू पंडित पर आरोप है कि उन्होंने नल-जल योजना के तहत भुगतान जारी करने के बदले वार्ड सदस्य धर्मेंद्र पटेल से 12 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। वार्ड सदस्य ने इस संबंध में निगरानी विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद हुई सत्यापन जांच
निगरानी विभाग ने शिकायत मिलने के बाद प्राथमिक जांच की। जांच के दौरान रिश्वत मांगने से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी की गई, जिससे आरोप की पुष्टि हुई। इसके बाद विभाग ने विशेष टीम का गठन कर ट्रैप की योजना बनाई।
जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी
पूर्व निर्धारित योजना के तहत वार्ड सदस्य को चिन्हित नोट देकर पंचायत सचिव से मिलने भेजा गया। जैसे ही पंचायत सचिव ने 12 हजार रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार की, पहले से घात लगाए निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए विजिलेंस डीएसपी रीता सिन्हा ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप टीम गठित की गई थी। पंचायत सचिव को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है। उनका फिंगर प्रिंट टेस्ट (फिंगर टेस्ट) कराया गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पूछताछ के लिए पटना ले जाया जाएगा।
टीम में शामिल थे ये अधिकारी
इस कार्रवाई में डीएसपी सदानंद सिंह, एसआई राकेश कुमार एवं राहुल कुमार सहित निगरानी विभाग की विशेष टीम शामिल रही।
गौरतलब है कि राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी विभाग लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। रोहतास में हुई इस ताजा कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप है और आम लोगों में भी यह संदेश गया है कि रिश्वतखोरी के मामलों में अब सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।