लखनऊ, 12 दिसंबर: उत्तर प्रदेश में प्रदूषित हवा को साफ करने के लिए राज्य सरकार को विश्व बैंक से बड़ी राहत मिली है। विश्व बैंक ने लगभग 30 करोड़ डॉलर (करीब 2700 करोड़ रुपये) की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। यह धनराशि वर्ष 2030 तक विभिन्न चरणों में खर्च की जाएगी।
राज्य सरकार इस राशि का उपयोग मुख्य रूप से परिवहन, कृषि और उद्योग क्षेत्रों में प्रदूषण कम करने वाली योजनाओं पर करेगी। इसमें साफ ईंधन को बढ़ावा देना, पराली प्रबंधन में सुधार, औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक लागू करना और शहरों में स्वच्छ परिवहन सुविधाएं विकसित करना शामिल होगा।
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि इस सहायता से प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को नई गति मिलेगी और आने वाले वर्षों में प्रदेश में वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।