सूरजपुर, 05 मई : भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा है कि यह चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के सपने को पूरा करने के संकल्प का चुनाव है। श्री नड्डा रविवार को यहां के हाईस्कूल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ‘सबले बढ़िया छत्तीसगढ़’ से अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि मैंने आपसे वादा मांगा था और आपने मेरी बात मानी। विधानसभा चुनावों में भाजपा जीती और मजबूत सरकार बनाई। उन्होंने कहा, “आप लोगों ने पहले से ही मन बना लिया है। आप लोगों ने पहले से भी निर्णय कर दिया है। यह चुनाव श्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के सपने को पूरा करने के संपकल्प का चुनाव है।”

श्री नड्डा ने कहा,“भाजपा ने जो कहा वो किया। श्री मोदी ने कहा बदलाव लाओ और उन्होंने वो किया। जनजाति के नाम पर पहले राजनीति होती थी। आपकी तस्वीर और तकदीर बदलने के लिए कोई काम नहीं होता था। इसके लिए श्री मोदी ने काम किया है। श्री मोदी ने आदिवासियों का बजट तीन गुना बढ़ा दिया है। एकलव्य स्कूल के बजट 21 गुना बढ़ा दिया गया है। इसके लिए पूरी ताकत लगा दी गई है। इज्जत घर बनाने का काम भी श्री मोदी ने किया। सरगुजा और जशपुर से नक्सवाद खत्म हुआ है. हर दिन घोटाला हुआ करता था। आज गरीब की चिंता और सुनवाई हो रही है। महिला को ताकत मिल रही है। युवा आगे बढ़ रहे हैं। देश 10 साल में काफी आगे बढ़ गया है।”

श्री नड्डा ने कहा कि कांग्रेस कहती थी कुछ नहीं बदलेगा, सब ऐसा ही रहेगा, सब ऐसे ही चलेगा। अब विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का समय आ गया है। 10 साल पहले वोट बैंक की राजनीति होती थी, धर्म और जाति की राजनीति होती थी। समाज को बांटने तोड़ने का काम किया जाता था लेकिन श्री मोदी ने 10 साल में राजनीति की परिभाषा बदल डाली। आज विकासवाद की राजनीति करनी है। उन्होंने सबका साथ सबका विकास का मंत्र दिया।”

भाजपा नेता ने कहा कि आज दवा बनाने में भारत दूसरे नंबर पर खड़ा है। आदिवासी भाई आज मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसमें लिखा है मेड इन इंडिया। पीएम आवास के तहत चार करोड़ घर बनाए गए हैं और हर गांव को पक्की सड़क से जोड़ा गया है। अगले पांच साल में तीन करोड़ नए घर बनाए जाएंगे। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पीएम मोदी चलाएंगे। लोगों को मुफ्त में बिजली मिलेगी। यह बदलता भारत है। कांग्रेस भ्रष्टाचार, परिवारवाद का टोला है जो कहते हैं भ्रष्ट्राचारियों को बचाओ।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *