नई दिल्ली, 16 जुलाई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने रविवार को इस बारे में न्यायिक जांच कराने की मांग की कि शहर की आप सरकार ने यमुना से गाद और नालों की सफाई कराई है या नहीं, और अगर कराई है तो इस पर कितना धन खर्च हुआ है।

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने यमुना और नालों से गाद की सफाई नहीं कराई और इसी कारण से दिल्ली में बाढ़ आई है।

सचदेवा ने कहा, ”हम इसकी न्यायिक जांच कराने की मांग करते हैं कि केजरीवाल सरकार ने यमुना और नालों से गाद निकलवाई है या नहीं और अगर ऐसा हुआ है तो इस पर कितना खर्च हुआ है।”

बाढ़ के लिए आप सरकार के ”भ्रष्टाचार और लापरवाही” को जिम्मेदार बताते हुए सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नीत बाढ़ नियंत्रण संबंधी सर्वोच्च समिति की पिछले दो साल में कोई बैठक नहीं हुई है।

भाजपा के विधि प्रकोष्ठ की सह-समन्वयक बांसुरी स्वराज ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर आरोप लगाया कि वह बाढ़ से निपटने में अपनी असफलताओं पर झूठ का पर्दा डालने की कोशिश कर रही है।

इससे पहले आप नेताओं ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया था कि उसने हरियाणा के हथिनीकुंज बैराज से यमुना में बहुत ज्यादा पानी छोड़ा है और दिल्ली में बाढ़ लाने का षड्यंत्र रचा है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *