रबात, 09 सितंबर: मोरक्को में बीती रात आये भूकंप से 632 लोगों की मौत और 329 अन्य लोग घायल हो गए हैं।

अल-अरबिया ब्रॉडकास्टर ने शनिवार को मोरक्को के गृह मंत्रालय के आंकड़ों के हवाले से यह रिपोर्ट दी।

पहले की रिपोर्टों में बताया गया था कि शुक्रवार देर रात मोरक्को के एटलस पहाड़ों पर आई प्राकृतिक आपदा में 296 लोगों की मौतें हुईं है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक स्थानीय समयानुसार 23.11 बजे आये भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.8 मापी गयी। भूकंप का केंद्र मराकेश से 71 किलोमीटर (44 मील) दक्षिण-पश्चिम में एटलस पर्वत में 18.5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

सोशल मीडिया एक्स पर प्रसारित एक वीडियो क्लिप में क्षतिग्रस्त इमारतों और सडकों पर बिखरा मलबा और लोगों को घबराकर भागते हुए दिखाया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार एक स्थानीय निवासी ने बताया कि मराकेश के पुराने शहर में कुछ इमारतें ढह गई हैं। हालांकि मीडिया ने एक्स पर दिखाई गई वीडियो क्लिप की सत्यता की पुष्टि नहीं की है।

एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि भूकंप से लोग दहशत में घरों से बाहर सड़को पर आ गये। भूकंप के झटका इतना शक्तिशाली था कि बड़ी-बड़ी इमारते हिल रही थी। बिजली और फोन लाइनें 10 मिनट तक बंद रहीं।

उन्होंने बताया कि इमारत ढहने से कई लोग मलबे में फंसे हुए है। घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया है।

भूकंप के झटके कैसाब्लांका और एस्सौइरा में भी महसूस किए गए। दूरदराज के इलाकों में जानमाल के नुकसान का अभी पता नहीं चल सका है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *