Highlights

मेरठ, 27 मार्च: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विकसित बनाने की दिशा में अपना कार्य किया है। उन्होंने अपना काम किया, अब हमारा काम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 हटाई तो हमें हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाकर देने हैं। 26 अप्रैल तक हर प्रबुद्ध जन को नरेंद्र मोदी का प्रतिनिधि बनकर कार्य करना है। भाजपा को 370 सीटें और सहयोगियों के साथ 400 पार कराना है। विकसित भारत के सपने को नरेंद्र मोदी साकार करेंगे।

मेरठ में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में बुधवार को भाजपा ने प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अरुण गोविल का प्रबुद्धजनों से परिचय कराया और वर्तमान सांसद राजेंद्र अग्रवाल के कार्यों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने मेरठ में विकास कार्यों की झड़ी लगा दी है। अब इस सफर को अरुण गोविल आगे बढ़ाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवर्तन का दौर है। मेरठ के आसपास के लोग भी पहले दिल्ली रहते थे। मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे के निर्माण से अब के वहां न रहकर यहां से दिल्ली आवागमन करने लगे हैं। दिल्ली के लोग भी अब मेरठ में रहने लगे हैं। मेरठ में ही प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय बन रहा है और गंगा एक्सप्रेस वे भी मेरठ से शुरू हो रहा है। मेरठ विकास का मॉडल बनकर उभरा है। अरुण गोविल के बचपन का मेरठ और आज का मेरठ अलग है। वह भी मेरठ को पहचान नहीं पाए। उन्होंने कहा कि उस समय की स्थिति और आज की स्थिति में बहुत परिवर्तन हुआ है। मेरठ उस परिवर्तन का साक्षी बन रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में आवाज उठ रही है कि हम सपने नहीं, हकीकत बुनते हैं। इसलिए लोग बार-बार मोदी को चुनते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काम करके दिखाया है। आज देश के लोगों को पूरी दुनिया में सम्मान की निगाहों से देखा जा रहा है। 2014 से पहले भारत के व्यक्ति को विदेशों में शक की निगाह से देखा जाता था। आज देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। आंतरिक सुरक्षा की स्थिति बेहतर हुई है। नक्सलवाद, आतंकवाद नियंत्रित हुआ है। किसी भी संप्रभु राष्ट्र का एक विधान, एक निशान और एक प्रधान होना चाहिए। पीएम मोदी ने धारा 370 हटाकर इसे संभव कर दिखाया। पहले अयोध्या जाने पर रामलला के दर्शन नहीं होते थे। 500 वर्षों बाद अयोध्या में रामलला के दर्शन हो रहे हैं। क्या यह कांग्रेस, सपा, बसपा, इंडी गठबंधन कर पाता। विरासत और विकास को एक साथ ले जाने वाली केवल मोदी सरकार है। प्रधानमंत्री मोदी ने विरासत का भी संरक्षण किया और विकास की नई इबारत भी लिखी।

विपक्षी दलों पर जमकर प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जातिवाद के नाम पर समाज के ताने-बाने को सपा, बसपा, कांग्रेस तोड़ रहे हैं। मोदी ने 140 करोड़ के भारत को ही अपना परिवार कहा। विपक्षियों के लिए फैमिली फर्स्ट है, जबकि नरेंद्र मोदी के लिए नेशन फर्स्ट है। मोदी ने गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी तो विपक्षियों ने जातिवाद को प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहला चुनाव है, जिसमें देश के किसी भी कोने में जनता के सामने असमंजस की स्थिति नहीं है। सभी के सामने केवल एक ही लक्ष्य है विकसित भारत। विकसित भारत के लिए विकसित उत्तर प्रदेश है। इसके लिए पीएम मोदी को तीसरा कार्यकाल चाहिए। मोदी का तीसरा कार्यकाल भारत को तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करेगा। इससे विकसित भारत की परिकल्पना साकार होगी और भारत ग्लोबल लीडर बनकर उभरेगा। भारत की इस ताकत का अहसास दुनिया कर सकेगी।

सपा, बसपा, कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक वे लोग थे, जो दंगाइयों को गले लगाते थे। एक भाजपा सरकार है जो दंगाइयों से निपटने का उपचार जानती है। हम श्रद्धालुओं के लिए फूल बिछाते हैं, वे श्रद्धालुओं के लिए शूल डालते थे। बेटियों और व्यापारियों को सुरक्षा केवल भाजपा दे सकती है। युवाओं को आजीविका केवल भाजपा दे सकती है। किसानों को सम्मान भाजपा ही दे सकती है। चार करोड़ गरीबों को छत केवल मोदी दे सकते हैं। 12 करोड़ गरीब घरों में शौचालय, 60 करोड़ गरीबों को निःशुल्क खाद्यान्न, आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा मिल रहा है। मोदी यानी 10 करोड़ घरों को उज्ज्वला योजना के गैस कनेक्शन। मोदी समाज को बदल रहे हैं, दूसरी ओर विपक्षी दल अपने परिवार तक ही सीमित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार अरुण गोविल के साथ सेल्फी 26 अप्रैल के बाद खूब ले लेना। तब तक प्रत्येक प्रबुद्ध जन घर-घर जाकर कमल निशान का प्रचार करें। मोदी का प्रतिनिधि बनकर कार्य करें। इस अवसर पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल, भाजपा उम्मीदवार अरुण गोविल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, सोमेंद्र तोमर, दिनेश खटीक, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, सरोजिनी अग्रवाल, कमलदत्त शर्मा, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज, शिवकुमार राणा आदि उपस्थित रहे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *