पुणे (महाराष्ट्र), 30 नवंबर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को पुणे के खडकवासला में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के 145वें कोर्स की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया और मार्च करने वाले दल में महिला कैडेट के पहले बैच की भागीदारी की सराहना की।

मुर्मू ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए सभी महिला कैडेट को शुभकामनाएं दीं, साथ ही कहा कि आज बेटियों को अपनी पसंद का करियर चुनने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।

पासिंग आउट परेड में लगभग 15 महिला कैडेट ने अपने पुरुष समकक्षों के साथ भाग लिया।

इससे पहले एक रक्षा अधिकारी ने कहा कि देश के प्रमुख त्रि-सेवा संस्थान एनडीए, खडकवासला में पिछले साल 19 महिला कैडेट का पहला बैच शामिल हुआ, जिनके सैन्य-सह-शैक्षणिक प्रशिक्षण का वर्तमान में दूसरा वर्ष है। इस संस्थान ने देश को बेहतरीन सैन्य अधिकारी दिए हैं ।

अधिकारी ने कहा कि दूसरे और तीसरे वर्ष के कैडेट पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेते हैं।

सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति मुर्मू ने बृहस्पतिवार को अपना कोर्स पूरा करने वाले सभी कैडेट को बधाई दी।

उन्होंने मार्च दल में शामिल महिला कैडेट को भी बधाई दी।

मुर्मू ने कहा, ”मुझे बताया गया कि 2022 से अकादमी में महिला कैडेट का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। आज पहली बार महिला कैडेट मार्चिंग दल का हिस्सा बनीं।”

उन्होंने कहा, ”आज एक ऐतिहासिक दिन है और मुझे यकीन है कि महिला कैडेट एनडीए और देश का नाम नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।”

मुर्मू ने मित्र देशों के विदेशी कैडेट को उनका कोर्स पूरा करने पर बधाई दी।

इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस और प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान उपस्थित थे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *