नई दिल्ली, 01 फरवरी: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को अमृत उद्यान में ‘उद्यान उत्सव 2024’ का उद्घाटन किया जिसे शुक्रवार से जनता के लिए खोल दिया जाएगा। राष्ट्रपति भवन ने यह जानकारी दी।

पंद्रह एकड़ में फैले इस प्रसिद्ध उद्यान में इस बार फूलों की 85 से अधिक प्रजातियों के अलावा एक पुष्प घड़ी और एक ‘सेल्फी पॉइंट’ भी होगा।

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ”भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज (1 फरवरी, 2024) उद्यान उत्सव-1- 2024 की शोभा बढ़ाई।”

इसमें कहा गया कि उद्यान उत्सव-1 के तहत अमृत उद्यान दो फरवरी से 31 मार्च, 2024 तक (सोमवार को छोड़कर जो रखरखाव का दिन है) जनता के लिए खुला रहेगा।

पहली बार, अमृत उद्यान में आने वाले आगंतुकों के लिए 18 किस्मों के 42,000 ट्यूलिप वाला एक थीम गार्डन विकसित किया गया है।

इसके साथ ही 225 साल पुराना शीशम का पेड़ और बोनसाई उद्यान (300 से अधिक बोनसाई, जिनमें से कई दशकों पुराने हैं) आगंतुकों के लिए प्रमुख आकर्षणों में से हैं।

बयान में कहा गया, ‘बुकिंग ऑनलाइन और साथ ही गेट नंबर 35 के बाहर स्थित स्वयं-सेवा कियोस्क के माध्यम से की जा सकती है। स्लॉट की बुकिंग मुफ्त है।’

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *