-भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जारी संकल्प पत्र का नेता प्रतिपक्ष ने किया स्वागत
नई दिल्ली, 17 जनवरी : दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और रोहिणी विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी विजेंद्र गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए जारी किए गए ‘घोषणा पत्र’ का स्वागत किया है और कहा है कि यह घोषणा पत्र दिल्ली की जनता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी की तरह है। उन्होंने कहा कि इन सभी घोषणाओं पर भाजपा सरकार बनते ही अमल करना शुरू कर दिया जाएगा, क्योंकि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है और जो नहीं कहती है उसे भी करके दिखाती है। भाजपा की इस घोषणा पत्र के लिए प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार जताते हुए गुप्ता ने कहा कि भाजपा की तरफ से जारी घोषणा पत्र केवल घोषणा पत्र ही नहीं है बल्कि मोदी जी की तरफ से दिल्ली वालों के लिए नई सौगात है।
उन्होंने कहा कि ‘महिला समृद्धि योजना’ के तहत महिलाओं को 2500 रुपए प्रति माह की ‘सम्मान राशि’ देने की घोषणा भाजपा द्वारा महिलाओं को सशक्तीकरण प्रदान करने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके अलावा गरीब महिलाओं को गैस सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी, गर्भवती महिलाओं को 21, 000 रुपये और होली-दीवाली पर मुफ्त सिलेंडर महिलाओं को देने की घोषणा भी महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसके अलावा दिल्ली के 60 से 70 वर्ष के वरिष्ठ लोगों को मिल रही 2, 000 रुपये की पेंशन को बढ़ाकर 2, 500 कर दिया जायेगा और 70 साल से अधिक के बुजुर्गों, विधवाओं और डिसेबल्ड नागरिकों को मिल रही 2, 500 रुपये की आर्थिक सहायता को बढ़ाकर 3, 000 रुपये कर दिया जायेगा। दिल्ली की झुग्गीवासियों के लिये उन्हें भरपेट भोजन उपलब्ध करवाने के लिये प्रत्येक झुग्गी बस्ती में ‘अटल कैंटीन’ स्थापित कर झुग्गी वालों को सिर्फ 5 रुपये में भोजन उपलब्ध करवाने की घोषणा गरीबों, मजदूरों और श्रमिक वर्ग के लोगों के लिये भाजपा की सहानुभूति का द्योतक है।
गुप्ता ने विश्वास जताया कि उसके अलावा दिल्ली में चल रही सभी कल्याणकारी योजनाओं को चालू रखने की नड्डा जी की घोषणा दिल्लीवासियों के लिए बहुत बड़ी राहत है, क्योंकि इससे आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा लोगों के बीच फैलाया जा रहा है वह भ्रम भी खत्म हो गया, जिसमें कहा जा रहा था कि भाजपा आते ही दिल्ली वालों की सभी कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर देगी। मोदी जी ने भी अपनी रोहिणी की जनसभा में अपनी गारंटी के रूप में यही आश्वासन दिल्ली की जनता को दिया था।
गुप्ता ने लोगों को चेताया कि केजरीवाल द्वारा महिलाओं के लिए 2, 100 प्रतिमाह देने की घोषणा सिर्फ छलावा है, क्योंकि केजरीवाल सिर्फ घोषणाएं करते हैं उस पर अमल कभी नहीं करते। उन्होंने याद दिलाया कि केजरीवाल ने पंजाब विधानसभा के चुनाव में और फिर लोकसभा चुनाव में पंजाब की महिलाओं को 1, 000 रुपये प्रति माह देने की घोषणा की थी, लेकिन वहां की महिलाओं को आज तक एक भी रुपया नहीं मिला और वे इन पैसों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रही हैं, जहां से उन्हें धक्के मार कर बाहर किया जा रहा है। यह महिलाओं का अपमान है और दिल्ली की महिलाओं को भी केजरीवाल के हाथों ऐसा ही अपमान झेलना पड़ सकता है, क्योंकि दिल्ली की महिलाओं को भी एक पैसा नहीं मिलेगा।
गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल की घोषणाएं केवल छलावा ही होती हैं और ये ऐसी झूठी और थोथी घोषणाएं होती हैं जो कभी हकीकत में नहीं बदलती। उन्होंने दिल्ली की जनता को आगाह किया कि वह अरविंद केजरीवाल के बहकावे में ना आए, क्योंकि केजरीवाल से जनता को सिर्फ धोखा ही मिलेगा जो कि उनको पिछले 10 साल से लगातार मिल रहा है।