कोलकाता/नई दिल्ली, 17 जून : अहमदाबाद विमान हादसे के बाद से लगातार विभिन्न विमानों में तकनीकी दिक्कतों की बात सामने आ रही है। मंगलवार को भी इंजन में खराबी के चलते एक उड़ान को बीच में ही रद्द करना पड़ा तो वहीं एक अन्य विमान की बम की धमकी के बाद आपात लैंडिंग कराई गई। एयर इंडिया के सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रहे विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद कोलकाता हवाई अड्डे पर उसके निर्धारित ठहराव के दौरान सभी यात्रियों को विमान से उतार लिया गया। सूत्रों के अनुसार उड़ान संख्या एआई 180 कोलकाता हवाई अड्डे पर रात पौने एक बजे पहुंची।

इसे दो बजे वापस मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी लेकिन विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी के चलते इसकी उड़ान को रद्द कर दिया गया और सुबह 5.20 बजे विमान से सभी यात्रियों को उतार लिया गया। यात्रियों को बार-बार थोड़ी देर में उड़ान भरने का आश्वासन दिया जाता रहा लेकिन आखिर में उड़ान को रद्द करना पड़ा। इसके बाद हवाई अड्डे पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने किसी अन्य उड़ान से जल्द से जल्द मुंबई भिजवाने की मांग की। आखिर में मुंबई की अधिकांश फ्लाइट पहले से भरी होने के चलते यात्रियों को होटल में रुकने के लिए राजी किया गया। वहीं, एयर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जाने वाली उड़ान को मंगलवार को परिचालन संबंधी दिक्कतों का हवाला देते हुए रद्द कर दिया गया। एयर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी जानकारी दी गई। एयर इंडिया ने विमान हादसे के बाद सोमवार को ही अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान बहाल की थी। पहले इस उड़ान का कोड एआई-171 था जिसे हादसे के बाद बदलकर एआई-159 कर दिया गया है।

वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार दोपहर तीन बजे लंदन के लिए निर्धारित उड़ान को परिचालन संबंधी दिक्कतों के चलते रद्द कर दिया गया है। हालांकि अधिकारियों ने परिचालन संबंधी समस्याओं के बारे में विस्तार से नहीं बताया। बम की धमकी के बाद नागपुर हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराई इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 2706 को बम की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को नागपुर हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग करानी पड़ी। विमान मस्कट से कोच्चि होते हुए दिल्ली जा रहा था। कोच्चि से उड़ान भरने के बाद बम की धमकी मिलने पर विमान की नागपुर हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई।

पुलिस उपायुक्त लोहित मतानी ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। विमान की शुरुआती जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। आगे की जांच जारी है। कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे द्वारा जारी बयान के अनुसार उनकी आधिकारिक ईमेल पर बम की धमकी दी गई थी। विमान में 157 यात्री व 6 क्रू सदस्य सवार थे। वायु विक्षोभ के बीच लखनऊ में सुरक्षित उतरा विमान इंडिगो के गोवा से लखनऊ जा रहे विमान को वायु विक्षोभ के बीच लखनऊ पर सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि 16 जून को उत्तर गोवा से लखनऊ तक इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 6811 को पश्चिमी भारत में सक्रिय मानसून के कारण कुछ देर के लिए वायुमंडलीय विक्षोभ का सामना करना पड़ा। उसने कहा कि ऐसी स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित विमान के पायलट और चालक दल ने स्थापित प्रोटोकॉल का पालन किया।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *