पैरामारिबो, 06 जून (वेब वार्ता): भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार’ से सम्मानित किया गया है। सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी ने मजबूत द्विपक्षीय संबंधों के लिए भारतीय राष्ट्रपति मुर्मू को सम्मानित किया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सम्मान समारोह के दौरान संबोधन में कहा कि वे सूरीनाम के सबसे बड़े सम्मान से सम्मानित होकर काफी खुश हैं। इस सम्मान से सिर्फ उन्हें ही नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों को गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय भारतीय-सुरीनामी समुदाय के लोगों को दिया और कहा कि उनके कारण हमारे रिश्तों में अधिक मजबूती आई है। भारतीय राष्ट्रपति ने सूरीनाम में भारतीयों के पहुंचने की 150वीं सालगिरह पर आयोजित सांस्कृतिक समारोह में भी सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे सूरीनाम की पहली यात्रा पर आई हैं। दोनों देशों के बीच अत्यधिक साम्य है। उन्हें लग रहा है कि वे अपने ही घर में हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सोमवार को सूरीनाम के राष्ट्रपति संतोखी से मुलाकात करने के बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता का नेतृत्व भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सूरीनाम आकर उन्हें बहुत खुशी हो रही है। सूरीनाम के आतिथ्य और स्वागत से बहुत अभिभूत होने की बात कहकर उन्होंने भारतीयों की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत और सूरीनाम के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध दोनों देशों के मजबूत रिश्तों की नींव हैं। दोनों देशों के राष्ट्रपतियों ने भारत और सूरीनाम के बीच विशेष मेमोरंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर भी हस्ताक्षर किये।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *