Highlights

नई दिल्ली, 26 मार्च: पंजाब से तीन बार कांग्रेस के सांसद रहे रवनीत सिंह बिट्टू मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। लोकसभा चुनाव से पहले पाला बदलने के बाद बिट्टू ने दावा किया कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फिर से सत्ता में लाने का मन बना लिया है।

बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं। बेअंत सिंह को राज्य में आतंकवाद विरोधी अभियान का नायक माना जाता है। पद पर रहते हुए एक आतंकवादी हमले में उनकी हत्या कर दी गई थी। बिट्टू लोकसभा में लुधियाना का प्रतिनिधित्व करते हैं।

भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य नेताओं की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब के लिए उनके मन में बहुत स्नेह है और वह राज्य के लिए बहुत कुछ करना चाहते हैं।

बिट्टू ने कहा कि लोगों ने लोकसभा चुनाव में केंद्र में भाजपा को सत्ता में लाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा, ‘हम किसानों, श्रमिकों, उद्योगों के लिए सेतु का काम करेंगे।

राज्य में आतंकवाद के काले दिनों को याद करते हुए उन्होंने शांति के लिए काम करने में भाजपा और आरएसएस की भूमिका की प्रशंसा की।

भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि बिट्टू के शामिल होने से पार्टी मजबूत होगी।

अपने सबसे पुराने सहयोगियों में से एक अकाली दल के साथ संबंध टूटने के बाद भाजपा हाल के दशकों में पहली बार पंजाब में अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

हालांकि, दोनों दलों के बीच फिर से गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही थी, लेकिन बात नहीं बनी।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *