नई दिल्ली, 02 फरवरी: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि अगर वह चंडीगढ़ के महापौर चुनाव में ‘गड़बड़ी’ कर सकती है तो विधानसभा और लोकसभा चुनावों में किसी भी हद तक जा सकती है।

वह यहां पार्टी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। ‘आप’ ने प्रदर्शन की योजना यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय के सामने बनाई थी लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती और अवरोधक लगाये जाने के कारण कार्यकर्ता वहां तक नहीं पहुंच सके। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी चंडीगढ़ महापौर चुनाव में वोट ‘चोरी’ करते हुए कैमरे पर नजर आई।

चंडीगढ़ में मंगलवार को महापौर, वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर के पदों के लिए मंगलवार को चुनाव हुआ था जिसमें भाजपा ने कांग्रेस-आप के गठबंधन को हराकर सभी पदों पर जीत हासिल की थी। उन्होंने आरोप लगाया, ”पिछले कुछ वर्षों में हमने सुना था कि भाजपा चुनावों में गड़बड़ी करती है। वे ईवीएम से छेड़छाड़ करते हैं, मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाते हैं लेकिन कभी कोई सबूत नहीं मिला। वे चंडीगढ़ में वोट चुराते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।”

मुख्यमंत्री ने कहा, ”यदि वे चंडीगढ़ महापौर चुनाव में ऐसी अनियमितताएं कर सकते हैं तो वे लोकसभा और विधानसभा चुनावों में सोचिए क्या कर सकते हैं। वे सत्ता के लिए देश को बेच सकते हैं लेकिन हम उन्हें ऐसा नहीं करने देंगे। हमें लोकतंत्र और देश को बचाना है।”

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस ने बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को रोका और हिरासत में लिया।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *