नई दिल्ली, 22 दिसंबर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के पूर्वांचल के लोगों को बंगलादेशी और रोहिंग्या बताने की रविवार को निंदा की और कहा कि एक दशक में आप सरकार ने पूर्वांचल के लोगों के लिए कोई कार्य नहीं किया और इनको जवाब देने का समय आ गया है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा पूर्वांचल के लोगों को बंगलादेशियों और रोहिंग्या से जोड़ने की तीखी आलोचना की। श्री चौधरी ने कहा कि 10-12 वर्षों से दिल्ली की सरकार में रहकर भी आप ने दिल्ली में रह रहे पूर्वांचल के लोगों के लिए कोई कार्य नहीं किया। पूर्वांचल के लोगों को इनसे सावधान रहने की जरूरत है और अब इन लोगों को जवाब देने का समय आ गया है।

श्री चौधरी ने कहा कि कुछ दिनों से दिल्ली के एक वरिष्ठ नेता बार-बार पूर्वांचल को लेकर दिल्ली में लोगों को भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं। दिल्ली की जनता स्पष्ट तौर पर जानती है कि दिल्ली के विकास के लिए कौन कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार भारत और दिल्ली का विकास हो रहा है। दिल्ली जैसे प्रदेश में जहां नाली और पानी जैसी मूलभूत समस्याएं हैं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री इन मुद्दों पर कुछ नहीं बोल रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोरोना जैसी महामारी इस दुनिया मे आई तो दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री ने कहा था कि जो लोग बिहार और उत्तर प्रदेश के हैं, वे वापस लौट जाएं, उनके इलाज तक की कोई व्यवस्था नहीं की गई, उन्हें मजबूरन बिहार और उत्तर प्रदेश जाने को मजबूर होना पड़ा। आज पूर्वांचल के लोगों को रोहिंग्या और बंगलादेशियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्हें पता होना चाहिए कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का जन्म बिहार में हुआ और आगे चलकर वह देश की राजनीति में आए और हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। वह जिस बिहार में जन्में, उस पूर्वांचल के लोगों के विकास, सम्मान और उनकी समृद्धि के लिए लगातार श्री नड्डा कार्य करते रहे। दिल्ली में इंडिया समूह के लोगों को न विकास से मतलब है, न लोगों की शिक्षा से मतलब है और न ही रोजगार से मतलब है।

श्री चौधरी ने कहा कि दिल्ली में रहे पूर्वांचल के लोगों को इन लोगों से सावधान रहने की जरूरत है और अब इन लोगों को जवाब देने का समय आ गया है। 10-12 वर्षों से दिल्ली की सरकार में रहकर भी इन लोगों ने दिल्ली में रह रहे पूर्वांचल के लोगों के लिए कोई कार्य नहीं किया, इसलिए पूर्वांचल के लोग 2025 के चुनाव में पूर्ण रूप से दिल्ली में बैठी सरकार को जवाब दें। उन्होंने कहा कि अपने आप को पढ़ा लिखा वर्ग का मानने वाले ये लोग महिलाओं का अपमान करते हैं। दिल्ली में महिलाओं के लिए दो बड़ी घोषणाएं की गईं, लेकिन ये घोषणाएं मुख्यमंत्री ने नहीं कि बल्कि पार्टी के अन्य नेता ने की, यह महिलाओं का अपमान है। देश में महिला शक्ति को आगे बढ़ाने का कार्य केवल श्री मोदी कर रहे हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *