नई दिल्ली, 08 जुलाई: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय राजनीति के स्वयंभू ‘कट्टर ईमानदार’ आए दिन अपने नए रंग दिखा रहे हैं।

शराब घोटाले से लेकर बिजली घोटाले तक, आप के भ्रष्ट आचरण की सूची लंबी है। शनिवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि दिल्ली सरकार में किसी भी उचित प्राधिकारी की अनुमति के बिना कोई नियुक्ति नहीं हो सकती है। इसके बावजूद केजरीवाल ने अपने चहेते लोगों को उपकृत किया, उन्हें अपने स्वार्थी उद्देश्यों को पूरा करने के लिए नियुक्त किया, अपना खजाना भरने के साथ-साथ उनकी तिजोरियां भी भरीं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल ने लगभग 437 नियुक्तियां रद्द कीं। जो पहली लिस्ट सार्वजनिक रूप से सामने आई तो वो 116 लोगों की थी। उन 116 लोगों की जब जानकारी इकट्ठा करनी शुरू की तो आधी रात तक सबके सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट हो गए। ऐसे कई लोगों के नाम सामने आए हैं, जो तनख्वाह सरकार से पा रहे हैं लेकिन काम अरविंद केजरीवाल के लिए कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ये वो पार्टी है, जिसने शपथ पत्र पर लिखा था कि हम मकान, वाहन और सुरक्षा नहीं लेंगे। आज वो सरकारी खजाने का लगातार दुरुपयोग कर रहे हैं। अब उनका एक नए प्रकार का किरदार दिख रहा है, जिसमें अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सरकारी तनख्वाह पर नियुक्त करना और उनसे सरकारी पद पर रहते हुए पार्टी का काम करवाना शामिल है। पहले शराब के कारोबार में उनका किरदार दिखा, फिर बिजली के व्यापार में और उसके बाद अदालत के अंदर एवं भ्रष्टाचारियों के साथ सरोकार में भी उनका किरदार दिखा।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *