पटना, 11 अगस्त : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार सियासी हमला बोला। उन्हें चुनौती दी कि अगर उनमें हिम्मत है तो विधानसभा भंग कर चुनाव करा लें, उनकी जमानत जब्त करा देंगे। लोकसभा चुनाव बाद में देखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की याददाश्त और खराब हो गई है। शहीद दिवस के मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी शुक्रवार को अपनी नई टीम के सदस्यों के साथ सप्तमूर्ति पहुंचे, जहां सभी ने शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और श्रद्धांजलि दी।

भाजपा अध्यक्ष चौधरी ने यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के पुत्र होने मात्र से सत्ता नहीं मिलने वाली है। इसके खिलाफ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभियान प्रारंभ किया है।

उन्होंने कहा कि देश में अब न तुष्टिकरण चलेगा और न परिवारवाद चलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भाजपा नेता ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो विधानसभा भंग कर चुनाव करा लें, उनकी जमानत जब्त करा देंगे।

भाजपा नेता ने कहा कि नीतीश कुमार अनपॉपुलर और अप्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने दावा के साथ कहा कि जदयू का आने वाले चुनाव में खाता भी खुलने वाला नहीं है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार भाजपा की कृपा से ही बढ़े थे और अब भाजपा ही कृपा करेगी और वे शून्य पर आउट होंगे। लोकसभा में राहुल गांधी के फ्लाइंग किस के मुद्दे पर चौधरी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। राहुल गांधी ने लोकतंत्र को शर्मसार किया है। लोकतंत्र में महिला का अपमान किया है।

उन्होंने कहा कि लोअर कोर्ट और हाई कोर्ट अहमदाबाद ने जो सदस्यता खत्म करने का फैसला दिया था वह ठीक ही था। ये उस लायक नहीं कि लोकसभा में बैठें।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *