नई दिल्ली, 30 अगस्त : बिहार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए इस्तेमाल की गई ‘‘अपमानजनक भाषा’’ के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उन्होंने कांग्रेस सदस्यों पर बिहार में एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां का अपमान करने का आरोप लगाया। बिहार में राहुल गांधी चुनाव प्रचार कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की।

सचदेवा ने कहा, ‘‘यह एक अक्षम्य अपराध है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री के खिलाफ इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा के लिए माफी मांगनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां का अपमान देश की सभी माताओं का अपमान है। मैं सोनिया गांधी और प्रियंका वाद्रा से पूछना चाहता हूं कि वे इसे कैसे स्वीकार कर सकती हैं, जबकि वे भी मां हैं।’’

बिहार के दरभंगा में बुधवार को ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान एक मंच से प्रधानमंत्री मोदी का जिक्र करते हुए कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था, जहां से राहुल गांधी, उनकी बहन प्रियंका वाद्रा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव मोटरसाइकिल से मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए थे।

स्थानीय कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद के खिलाफ बिहार पुलिस ने मामला दर्ज किया है। नौशाद ने स्वीकार किया कि यह भाषण उनके द्वारा स्थापित एक मंच पर दिया गया था। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि यह अभद्र टिप्पणी उनकी अनुपस्थिति में उन लोगों द्वारा की गई थी जिन्हें वे नहीं जानते।

दरभंगा पुलिस ने शुक्रवार को घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान 20 वर्षीय मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा के रूप में की, जो सिंहवाड़ा का निवासी है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *