पटना, 22 फरवरी: बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष पद के लिए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नरेंद्र नारायण यादव की ओर से गुरुवार को नामांकन दाखिल किया गया।

बिहार विधानसभा के सचिव के कक्ष में उनके समक्ष श्री यादव की ओर से नामांकन का प्रस्ताव दिया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा मंत्री विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, सुमित कुमार सिंह, और श्रवण कुमार समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई अन्य नेता उपस्थित थे।

गौरतलब है कि जदयू के श्री महेश्वर हजारी ने बुधवार को बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उपाध्यक्ष का निर्वाचन 23 फरवरी को होना है। इच्छुक सदस्य 22 फरवरी, 2024 के मध्याह्न से पहले उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए सचिव को सम्बोधित करते हुए इस आशय के प्रस्ताव की लिखित सूचना विहित प्रपत्र में देंगे कि सदन के कोई दूसरे सदस्य उपाध्यक्ष चुने जायें। ऐसी सूचना किसी तीसरे सदस्य द्वारा अनुमोदित होगी और सूचना में जिन सदस्य का नाम प्रस्थापित होगा उनका वक्तव्य भी साथ में रहना अनिवार्य होगा कि वे निर्वाचित होने पर उपाध्यक्ष के रूप में काम करने को राजी हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *