पटना/नई दिल्ली, 26 अगस्त : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज बिहार में चल रही ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ में अपने भाई राहुल गांधी के साथ शामिल हुईं। यात्रा के दसवें दिन सुपौल जिले में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। पहली बार प्रियंका गांधी इस अभियान में शामिल हुईं और राहुल गांधी के साथ खुले वाहन में लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान माहौल उत्साहपूर्ण रहा और महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में नई स्फूर्ति देखी गई।

पारंपरिक परिधान नीले रंग की सलवार सूट सलवार सूट और गहरे नीले रंग का दुपट्टा प्रियंका गांधी की गंभीरता, आत्मविश्वास और विश्वसनीयता को बता रहा था। प्रियंका गांधी की भागीदारी से इस अभियान को एक नई ऊर्जा मिली है, जो आगामी विधानसभा चुनावों से पहले विपक्ष की एकजुटता को दर्शाती है। यह यात्रा लोकतांत्रिक और निर्वाचन अधिकारों में कथित कटौती के खिलाफ इंडिया गठबंधन द्वारा आयोजित की गई है।

सुपौल से यात्रा शुरू होकर कोसी महासेतु पार करते हुये राष्ट्रीय राजमार्ग- 27 से मधुबनी की ओर बढ़ी। इस यात्रा में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव और भाकपा (माले) के नेता दीपंकर भट्टाचार्य भी साथ चल रहे थे। सड़कों पर ‘वोट चोर – गद्दी छोड़’ के नारे गूंजते रहे और हजारों लोग नेताओं का स्वागत करने के लिए जमा हुये। प्रियंका गांधी हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन करती रहीं और जनसमर्थन के लिये धन्यवाद भी कहा।

रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, वोटर अधिकारों की लड़ाई संविधान बचाने की लड़ाई है। अगर गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों की आवाज़ दबा दी जायेगी, तो लोकतंत्र ही खतरे में पड़ जायेगा। प्रियंका गांधी की इस यात्रा में भागीदारी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर गया है। पार्टी नेताओं ने इसे अभियान का एक ‘टर्निंग पॉइंट’ बताया है। प्रियंका गांधी कल सीतामढ़ी के जानकी मंदिर में दर्शन करेंगी।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *