महाकुंभ नगर (प्रयागराज), 14 जनवरी: महाकुंभ के पावन अवसर पर त्रिवेणी संगम तट पर आस्था और दिव्यता का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। एक ओर अखाड़े के साधु-संत अपने विशिष्ट अंदाज में स्नान कर रहे हैं तो दूसरी ओर हजारों श्रद्धालु गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में पवित्र डुबकी लगाते नजर आ रहे। बड़े, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे हर कोई गंगा मैया के जयकारे के साथ डुबकी लगा रहा है। मेला प्रशासन के मुताबिक, सुबह 10 बजे तक लगभग डेढ़ करोड़ लोगों ने संगम में स्नान किया कर लिया है। मेला प्रशासन के अनुसार, सुबह 8:30 बजे तक एक करोड़ लोगों ने संगम में डुबकी लगाई। इसके बाद सुबह 10:00 बजे तक यह आंकड़ा 1.38 करोड़ पहुंच गया।

रात-दिन का अंतर मिटा

महाकुंभ के इस पावन अवसर पर रात और दिन का कोई भेद नहीं रह गया है। पूरी रात श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। चहल-पहल से गूंजते संगम तट पर हर व्यक्ति अपने हिस्से की आस्था और दिव्यता को आत्मसात करने में लीन दिखा। भारत की असंख्य विविधताओं के बीच अद्भुत एकता दिखाई दे रही है। देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु अपनी परंपराओं, भाषाओं और वेशभूषाओं के साथ एक ही उद्देश्य से संगम पर पहुंचे हैं और वो है पवित्र स्नान और आध्यात्मिक अनुभव।

भगवा और तिरंगा का संगम

महाकुंभ के अद्वितीय आयोजन में भगवा और तिरंगा का संगम भारतीय संस्कृति और एकता का प्रतीक बन गया है। संगम तट पर सनातन परंपरा का प्रतिनिधित्व करते भगवा ध्वज जहां धर्म और आस्था की गहराई को दर्शाते हैं, वहीं भारत की एकता और अखंडता का परिचायक तिरंगा भी शान से लहराता नजर आया। मंगलवार को तिरंगे ने कई अखाड़ों की राजसी शोभायात्रा का हिस्सा बनकर महाकुंभ के इस दिव्य आयोजन में गौरव का एक नया आयाम जोड़ा। यह दृश्य न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को जागृत करता है, बल्कि भारत की विविधता में एकता को भी खूबसूरती से दर्शाता है।

आज क्रमानुसार अखाड़ों के अमृत स्नान की समय सारिणी

संन्यासी

1. श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी एवं श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़ा –सुबह 06:15 बजे

2. श्री तपोनिधि पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा एवं श्री पंचायती अखाड़ा आनन्द – 07:05 बजे

3. श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा एवं श्रीपंचदशनाम आवाहन अखाड़ा तथा श्री पंचाग्नि अखाड़ा – 08:00 बजे

बैरागी

1. अखिल भारतीय श्री पंच निर्मोही अनी अखाड़ा – 10:40 बजे

2. अखिल भारतीय श्री पंच दिगम्बर अनी अखाड़ा – 11:20 बजे

3. अखिल भारतीय श्री पंच निर्वाणी अनी अखाड़ा – 12:20 बजे

उदासीन

1. श्री पंचायती नया उदासीन अखाड़ा – 13:15 बजे

2. श्री पंचायती अखाड़ा, बड़ा उदासीन, निर्वाण – 14:20 बजे

3. श्री पंचायती निर्मल अखाड़ा – 15:40 बजे

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *