Highlights

इस्लामाबाद, 29 जून : पाकिस्तान में बारिश से संबंधित घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 38 हो गई, जबकि 63 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून से पहले हो रही बारिश का कहर जारी है।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने शनिवार रात को बताया कि बारिश 26 जून को शुरू हुई थी और देश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर जारी है। प्राधिकरण ने बताया कि उत्तर-पश्चिम में खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है।

खैबर-पख्तूनख्वा के स्वात इलाके में शुक्रवार को अचानक आई बाढ़ में एक ही परिवार के कम से कम 19 लोग मारे गए।

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी की प्रांतीय सरकार को बाढ़ के पानी से घिरे परिवार की मदद करने में विफल रहने के लिए कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

प्राधिकरण ने बताया कि परिवार ने बाढ़ के पानी से घिरे होने के कारण एक घंटे तक ऊंची जगहों पर शरण ली, लेकिन अंततः वे बह गए।

प्रांतीय सरकार ने परिवार को बचाने में विफल रहने के लिए चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया और स्वात के उपायुक्त शहजाद महबूब को उनके पद से हटा दिया।

हालांकि, संघीय सूचना मंत्री अत्ता तरार ने शनिवार को मुख्यमंत्री अली अमीन गंदापुर को मौतों की जिम्मेदारी लेने और इस्तीफा देने की मांग की।

बारिश से जुड़ी घटनाओं में पंजाब में 12 और सिंध प्रांत में सात लोगों की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि अलग-अलग घटनाओं में पंजाब में 41, सिंध में 16 और खैबर-पख्तूनख्वा में छह लोग घायल हुए। उन्होंने बताया कि अन्य नुकसान के अलावा देश भर में 63 घर क्षतिग्रस्त हो गए और 30 जानवर मारे गए।

अधिकारियों के मुताबिक, बारिश व बाढ़ में सड़कें और पुल भी क्षतिग्रस्त हो गए। प्राधिकरण के मुताबिक, प्रभावित लोगों की मदद के लिए बचाव और पुनर्वास प्रयास जारी हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *