नई दिल्ली, 21 जून : देश और विदेश में शनिवार को पूरे मनोयोग के साथ 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के हमारे प्रस्ताव के साथ आज 175 देश खड़े है और योग आज करोड़ों लोगों की जीवन शैली बन चुका है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कई केन्द्रीय मंत्रियों ने योगाभ्यास किया।

श्रीमती मुर्मु ने उत्तराखंड के देहरादून स्थित पुलिस लाइन में योगाभ्यास किया और कामना की कि योग के प्रयोग से समस्त विश्व के निवासी स्वस्थ और प्रसन्न रहेंगे। उन्होंने कहा कि योग पूरी मानवता के लिए सांझी धरोहर बन चुका है।

राष्ट्रपति ने कहा कि इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर 11वीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य” रखी गयी है। उन्होंने कहा कि योग का अर्थ जोड़ना है। योग का अभ्यास व्यक्ति के शरीर, मन और आत्मा को जोड़ना तथा स्वस्थ बनाना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आज आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में सामूहिक योग कार्यक्रम का नेतृत्व किया जिसमें तीन लाख से अधिक लोगों के साथ योगासन किया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व भर में योग के प्रचार प्रसार के लिए इसमें निहित विज्ञान को आधुनिक अनुसंधान के माध्यम से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि योग को आधुनिक चिकित्सा पद्धति में स्थान दिलाने का प्रयास चल रह है।

श्री मोदी ने कहा, “राष्ट्रीय आयुर्वेद मिशन के जरिए भी योग और वेलनेस के मंत्र को आगे बढ़ाया जा रहा है और इसमें डिजिटल प्राद्योगिकी की भी कारगर मदद ली गयी है।” योग को जन आंदोलन बनाने की अपील करते हुये श्री मोदी ने कहा “आईये हम सब मिलकर योग को एक जन आंदोलन बनाये एक ऐसा आंदोलन जो विश्व को शांति, स्वास्थ्य और समरसता की ओर से ले जाये जहां हर व्यक्ति दिन की शुरुआत योग से करे और जीवन में संतुलन पाये। जहां हर समाज योग से जुड़े और तनाव से मुक्त हो जहां योग मानवता को एक सूत्र में पिराने का माध्यम बने और जहां योग फॉर वनअर्थ, वन हैल्थ (एक धरती एक स्वास्थ्य के लिए योग) एक वैश्विक संकल्प बन जाये।”

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में योग दिवस समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने 2500 कर्मियों के साथ योगाभ्यास समारोह में भाग लिया। उन्होंने यहां सेना के जवानों से मुलाकात की और ऑपरेशन सिंदूर में उनके प्रयासों की सराहना की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में राष्ट्रीय राजधानी में संसद परिसर में योग सत्र में भाग लिया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, “हमको अपने जीवन में योग अपनाना होगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी इसको शामिल किया है। एम्स में भी आयुष विभाग को शामिल किया है। एम्स दिल्ली में भी इंटेग्राटेड सेंटर चलाया जा रहा है।”

राष्ट्रीय राजधानी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर यमुना तट पर सोनिया विहार में योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा “दिल्लीवासियों का हृदय से धन्यवाद। आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजधानी के 11 स्थलों पर आयोजित भव्य योग उत्सव में आपकी उत्साहपूर्ण सहभागिता ने यह सिद्ध किया कि जब सरकार और समाज एक साथ चलते हैं, तो संस्कृति जन-जन का संकल्प बन जाती है।”

उन्होंने कहा “दिल्ली के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सेवाभावी संगठनों और समर्पित योग साधकों को विशेष धन्यवाद, जिनके सहयोग और भागीदारी से यह आयोजन अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक बना।”

इसके अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के स्मृति स्थल पर पहली बार आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश, कार्यालय मंत्री महेन्द्र नाथ पांडे, दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह, राज्य सभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, चांदनी चौक जिलाध्यक्ष अरविंद गर्ग, दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता यासिर जिलानी और सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *