-उप्र के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री सिंधिया का जताया आभार

नई दिल्ली/लखनऊ, 01 फरवरी: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को देशभर के आठ शहरों से अयोध्या के लिए स्पाइस जेट की विमान सेवाओं का वर्चुअल रूप से शुभारंभ किया।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सिंधिया के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल (रि.) वीके सिंह और अन्य गण्यमान्य मौजूद रहे। इस कार्यक्रम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित सरकारी आवास से वर्चुअल रूप से जुड़े थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने इन नई उड़ान सेवाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री सिंधिया का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में तेजी से उभरता प्रदेश है। उत्तर प्रदेश आज उत्तर से दक्षिण, पूर्व पश्चिम सभी से जुड़ रहा है। आज दिल्ली-अयोध्या, चेन्नई-अयोध्या, अहमदाबाद-अयोध्या, जयपुर-अयोध्या, पटना-अयोध्या, दरभंगा-अयोध्या, मुंबई-अयोध्या और बेंगलुरु-अयोध्या के लिए उड़ान शुरू हो रही है।

योगी ने कहा कि अयोध्या में बेहतर एयर कनेक्टिविटी एक सपना था। आज सपना साकार हुआ है। अयोध्या के बारे में लोगों को कभी कल्पना ही नहीं होती थी कि वहां फोर लेन सडकें होंगी, बेहतरीन रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट हो सकती हैं। अयोध्या में 22 जनवरी का कार्यक्रम एक नए भारत की तस्वीर दिखाने के लिए उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या का विकास मेरे लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है। पिछले 10 दिन में 25 लाख से ज्यादा लोगों ने रामलला के दर्शन किए। रामनवमी में यह और बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन को केंद्रीय मंत्री सिंधिया और वीके सिंह ने बखूबी धरातल पर उतारा है। उन्होंने स्पाइसजेट प्रबंधन को हृदय से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एक असीम संभावनाओं वाला प्रदेश है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *